"हर खबर, आपकी नज़र"

kpn 24

43 और 41 वर्षों की गौरवशाली सेवा के बाद पॉवर कंपनी के दो कर्मियों को भावभीनी विदाई

एबीवीटीपीएस मड़वा में दीर्घ सेवा सम्मान समारोह आयोजित, मुख्य अभियंता ने किया सम्मानित

KPN24.com जांजगीर-चांपा 01 जून 2026

अटल बिहारी वाजपेयी ताप विद्युत गृह (एबीवीटीपीएस) मड़वा में मई माह के दौरान सेवानिवृत्त हुए दो अनुभवी कर्मचारियों को पॉवर कंपनी परिवार की ओर से भावपूर्ण विदाई एवं सम्मान प्रदान किया गया। स्टाफ ऑफिसर अजय कुमार साहू एवं कनिष्ठ पर्यवेक्षक शोभा राम राठौर की दीर्घ एवं समर्पित सेवाओं को याद करते हुए तकनीकी भवन सभाकक्ष में गरिमामय सम्मान समारोह का आयोजन किया गया।

समारोह की अध्यक्षता मुख्य अभियंता एच.एन. कोसरिया ने की। उन्होंने सेवानिवृत्त अधिकारियों-कर्मचारियों की कार्यनिष्ठा, अनुशासन और संगठन के प्रति समर्पण की सराहना करते हुए कहा कि उनके अनुभव और योगदान हमेशा पॉवर कंपनी परिवार के लिए प्रेरणास्रोत बने रहेंगे। इस अवसर पर मुख्य अभियंता ने स्मृतिचिह्न एवं सेवा प्रमाण-पत्र भेंट कर दोनों कर्मचारियों के प्रति संस्था की ओर से आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम में अतिरिक्त मुख्य अभियंता आलोक लकरा, आर.एल. ध्रुव, एस.डी. द्विवेदी एवं एन. लकरा विशेष रूप से उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने सेवानिवृत्त कर्मचारियों को स्वस्थ, सुखमय एवं सम्मानपूर्ण जीवन के लिए शुभकामनाएं दीं।
उल्लेखनीय है कि अजय कुमार साहू ने विद्युत मंडल एवं पॉवर कंपनी में 43 वर्ष 28 दिन की लंबी सेवा दी। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत कोरबा ताप विद्युत संयंत्र (कोरबा पूर्व) में स्टेनो टाइपिस्ट के रूप में की थी। वहीं शोभा राम राठौर ने 41 वर्ष 20 दिन तक सेवाएं देते हुए संगठन को अपनी कर्मनिष्ठा से समृद्ध किया। उनकी पहली नियुक्ति कोरबा ताप विद्युत संयंत्र में संयंत्र परिचारक श्रेणी-3 के पद पर हुई थी।
समारोह के दौरान दोनों सेवानिवृत्त कर्मचारियों ने अपने लंबे सेवाकाल के अनुभव साझा करते हुए संस्था और सहकर्मियों के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का संचालन वरिष्ठ कल्याण अधिकारी आर.एस. टेकाम ने किया तथा उन्होंने दोनों कर्मचारियों के सेवा जीवन का संक्षिप्त परिचय प्रस्तुत किया।
चार दशक से अधिक समय तक ऊर्जा क्षेत्र की सेवा करने वाले इन कर्मयोगियों को दी गई यह सम्मानजनक विदाई समारोह उपस्थित सभी कर्मचारियों के लिए भावुक और प्रेरणादायक क्षण बन गया।

Kpn 24
Author: Kpn 24

Leave a Comment

Read More