"हर खबर, आपकी नज़र"

kpn 24

शिवाजी महाराज के आदर्श आज भी युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत : राज्यपाल रमेन डेका

KPN24.com रायपुर 6 जून 2026

छत्रपति शिवाजी महाराज के शौर्य, स्वाभिमान और राष्ट्रभक्ति की गौरवगाथा एक बार फिर राजधानी रायपुर में गूंज उठी। महाराष्ट्र मंडल रायपुर में आयोजित भव्य छत्रपति शिवाजी महाराज राज्याभिषेक समारोह दिवस के अवसर पर राज्यपाल रमेन डेका ने शिवाजी महाराज की प्रतिमा का अनावरण किया और उनके अद्वितीय व्यक्तित्व एवं कृतित्व को नमन किया।

इस अवसर पर राज्यपाल श्री डेका ने कहा कि छत्रपति शिवाजी महाराज केवल एक महान योद्धा नहीं, बल्कि साहस, सुशासन, स्वाभिमान और राष्ट्रनिष्ठा के जीवंत प्रतीक थे। उनका जीवन आज भी देश की युवा पीढ़ी के लिए प्रेरणा का अक्षय स्रोत बना हुआ है।
राज्यपाल ने कहा कि 6 जून 1674 को रायगढ़ दुर्ग में संपन्न हुआ शिवाजी महाराज का राज्याभिषेक भारतीय इतिहास का स्वर्णिम अध्याय है। यह केवल राजतिलक नहीं था, बल्कि स्वतंत्र ‘हिंदवी स्वराज’ की स्थापना का ऐतिहासिक उद्घोष था। शिवाजी महाराज ने अपने अदम्य साहस, दूरदर्शी नेतृत्व और अद्वितीय रणनीति से स्वराज की मजबूत नींव रखी तथा करोड़ों भारतीयों में आत्मसम्मान और आत्मविश्वास का संचार किया।
उन्होंने कहा कि शिवाजी महाराज एक कुशल प्रशासक, प्रजावत्सल शासक और धार्मिक सहिष्णुता के प्रतीक थे। उनके द्वारा स्थापित अष्टप्रधान व्यवस्था, संगठित नौसेना और जनकल्याणकारी नीतियां आज भी सुशासन के आदर्श मॉडल के रूप में प्रासंगिक हैं।
राज्यपाल श्री डेका ने महाराष्ट्र मंडल रायपुर की 91 वर्षों की गौरवशाली सेवा यात्रा की सराहना करते हुए कहा कि संस्था द्वारा संचालित सामाजिक, सांस्कृतिक और शैक्षणिक गतिविधियां समाज सेवा की उत्कृष्ट मिसाल हैं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि महाराष्ट्र मंडल भविष्य में भी समाज और राष्ट्र निर्माण में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता रहेगा।
कार्यक्रम के दौरान राज्यपाल ने शानदार सांस्कृतिक प्रस्तुति देने वाले चार प्रतिभाशाली बच्चों को पांच-पांच हजार रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान कर सम्मानित किया। साथ ही महाराष्ट्र मंडल को एक एम्बुलेंस प्रदान करने की घोषणा कर समाजसेवा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता का परिचय दिया।
समारोह में रायपुर की महापौर श्रीमती मीनल चौबे, महाराष्ट्र मंडल रायपुर के अध्यक्ष अजय मधुकर काले सहित अनेक पदाधिकारी, गणमान्य नागरिक एवं महाराष्ट्रीयन समाज के बड़ी संख्या में उपस्थित लोगों ने सहभागिता की।
छत्रपति शिवाजी महाराज के आदर्शों, राष्ट्रप्रेम और स्वराज के संदेश से ओत-प्रोत यह आयोजन युवाओं के लिए प्रेरणा और समाज के लिए एक सकारात्मक संदेश बनकर उभरा।

Kpn 24
Author: Kpn 24

Leave a Comment

Read More