
KPN24.com जांजगीर-चांपा 06 जून 2026
जांजगीर की सिटी कोतवाली पुलिस ने शादी का झांसा देकर युवती का शारीरिक शोषण करने वाले आरोपी को रिपोर्ट दर्ज होने के महज चंद घंटों के भीतर गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। पुलिस की त्वरित कार्रवाई से आरोपी को भागने का मौका तक नहीं मिल सका।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी आशीष सिंह (27 वर्ष) निवासी वार्ड क्रमांक 9, भैंसो, थाना पामगढ़ है। आरोपी ने पहले युवती से दोस्ती की, फिर शादी का झूठा वादा कर उसका शारीरिक शोषण करता रहा।
लिफ्ट देने के बहाने बनाई पहचान
पीड़िता ने कोतवाली थाना में दर्ज शिकायत में बताया कि लगभग डेढ़ वर्ष पूर्व वह घरेलू कार्य से जांजगीर आई थी। देर शाम घर लौटने के लिए ऑटो का इंतजार कर रही थी, तभी आरोपी आशीष सिंह ने पहचान का हवाला देते हुए मोटरसाइकिल से उसे घर छोड़ने की पेशकश की। इसी दौरान उसने युवती का मोबाइल नंबर प्राप्त कर लिया।
शादी का सपना दिखाकर होटल ले गया
इसके बाद आरोपी लगातार फोन कर युवती के संपर्क में रहा और धीरे-धीरे उससे नजदीकियां बढ़ा लीं। आरोप है कि एक दिन घुमाने के बहाने वह युवती को जांजगीर के एक होटल में ले गया, जहां शादी करने का भरोसा देकर उसकी इच्छा के विरुद्ध दुष्कर्म किया। इसके बाद भी आरोपी शादी का झांसा देकर लगातार उसका शोषण करता रहा तथा विरोध करने पर डराता-धमकाता था।
शादी से मुकरा तो थाने पहुंची पीड़िता
जब पीड़िता ने विवाह की बात की तो आरोपी लगातार टालमटोल करने लगा। मानसिक रूप से प्रताड़ित होकर आखिरकार पीड़िता ने कोतवाली थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस ने दिखाई फुर्ती, आरोपी धराया
मामले की गंभीरता को देखते हुए कोतवाली प्रभारी निरीक्षक जयप्रकाश गुप्ता के नेतृत्व में पुलिस टीम तत्काल सक्रिय हुई और आरोपी की तलाश में उसके गांव भैंसो पहुंची। पुलिस ने आरोपी को उसके घर से हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ के दौरान आरोपी ने शादी का झांसा देकर युवती के साथ शारीरिक संबंध बनाने की बात स्वीकार कर ली।
इसके बाद पुलिस ने विधिवत गिरफ्तारी कर आरोपी को न्यायालय में प्रस्तुत किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
इन अधिकारियों की रही अहम भूमिका
इस सफल कार्रवाई में सिटी कोतवाली प्रभारी निरीक्षक जयप्रकाश गुप्ता, उप निरीक्षक उमेन्द्र मिश्रा, सहायक उप निरीक्षक अरुण कुमार सिंह, प्रधान आरक्षक प्रकाश राठौर तथा महिला आरक्षक रेखा यादव की महत्वपूर्ण भूमिका रही।











