"हर खबर, आपकी नज़र"

kpn 24

सीएम हेल्पलाइन 1076 का शुभारंभ: अब एक कॉल पर सरकार तक पहुंचेगी हर आवाज, शिकायतों के समाधान की होगी सीधी निगरानी

42 विभागों के 8 हजार अधिकारी रहेंगे जुड़े, 1195 श्रेणियों की शिकायतों का होगा समयबद्ध निराकरण

KPN24.com रायपुर 09 जून 2026

प्रदेश में सुशासन को नई गति देने और आम नागरिकों की समस्याओं के त्वरित समाधान के उद्देश्य से मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने मंगलवार को मंत्रालय महानदी भवन में बहुप्रतीक्षित सीएम हेल्पलाइन 1076 का शुभारंभ किया। मुख्यमंत्री ने बटन दबाकर हेल्पलाइन सेवा का लोकार्पण किया तथा इसके आधिकारिक लोगो का भी विमोचन किया। इस अवसर पर मंत्रिपरिषद के सदस्य एवं वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य केवल योजनाएं बनाना नहीं, बल्कि जनता की समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करना है। उन्होंने कहा कि सुशासन तिहार के दौरान प्रदेशभर से मिले जनप्रतिसाद ने एक मजबूत और स्थायी जनसंपर्क व्यवस्था की आवश्यकता को उजागर किया था, जिसके परिणामस्वरूप सीएम हेल्पलाइन 1076 की शुरुआत की गई है।
अब प्रदेश का कोई भी नागरिक टोल फ्री नंबर 1076 पर कॉल कर अपनी शिकायत दर्ज करा सकेगा, सुझाव दे सकेगा और शासकीय सेवाओं पर अपनी प्रतिक्रिया भी साझा कर सकेगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह व्यवस्था शासन और जनता के बीच संवाद को और अधिक मजबूत बनाएगी तथा पारदर्शिता एवं जवाबदेही को नई मजबूती प्रदान करेगी।
डिजिटल तकनीक से लैस इस हेल्पलाइन को व्हाट्सएप प्लेटफॉर्म से भी जोड़ा गया है, जिससे लोग अपने मोबाइल के माध्यम से आसानी से सरकार तक अपनी बात पहुंचा सकेंगे। इस प्रणाली से राज्य शासन के 42 विभागों के लगभग 8 हजार अधिकारी जुड़े रहेंगे और 1195 श्रेणियों में शिकायतों का निर्धारित समय-सीमा के भीतर निराकरण किया जाएगा।
हेल्पलाइन की एक बड़ी विशेषता यह होगी कि प्रत्येक शिकायत को एक यूनिक आईडी प्रदान की जाएगी, जिससे शिकायतकर्ता अपने आवेदन की स्थिति ऑनलाइन ट्रैक कर सकेगा। यदि आवेदक समाधान से संतुष्ट नहीं होता है तो शिकायत स्वतः उच्च अधिकारियों के पास पुनः परीक्षण और जांच के लिए भेज दी जाएगी। इससे केवल औपचारिक निपटारे की प्रवृत्ति पर रोक लगेगी और वास्तविक समाधान सुनिश्चित होगा।
मुख्यमंत्री ने बताया कि सीएम हेल्पलाइन 24 घंटे और सप्ताह के सातों दिन संचालित रहेगी। इसके लिए तीन शिफ्टों में कर्मचारियों की तैनाती की गई है। सचिव स्तर के अधिकारी डैशबोर्ड के माध्यम से इसकी निगरानी करेंगे, जबकि मुख्यमंत्री सचिवालय भी लगातार मॉनिटरिंग करेगा।
उन्होंने कहा कि यह मंच केवल शिकायतों के निवारण तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि प्रदेश के विकास से जुड़े सुझावों और जनभागीदारी को भी प्रोत्साहित करेगा। नागरिक अपने विचार और सुझाव साझा कर सकेंगे, जिससे नीतियों और योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन में मदद मिलेगी।
मुख्यमंत्री श्री साय ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के “नागरिक देवो भव” मंत्र का उल्लेख करते हुए कहा कि राज्य सरकार डिजिटल गवर्नेंस को लगातार सशक्त बना रही है। सीएम हेल्पलाइन 1076 शासन और जनता के बीच भरोसे का सेतु बनकर समस्याओं के त्वरित समाधान में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री के सचिव एवं सचिव, सुशासन एवं अभिसरण विभाग राहुल भगत ने प्रस्तुतीकरण के माध्यम से हेल्पलाइन की कार्यप्रणाली, उद्देश्यों और विशेषताओं की विस्तृत जानकारी दी।
इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री अरुण साव, विजय शर्मा, मुख्य सचिव विकासशील, मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव सुबोध कुमार सिंह, सचिव पी. दयानंद, विशेष सचिव रजत बंसल सहित अनेक वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

Kpn 24
Author: Kpn 24

Leave a Comment

Read More