
चार साल की दोस्ती का किया विश्वासघात, धोखे से बनाया निजी वीडियो और विवाद के बाद कर दिया वायरल
KPN24.com जांजगीर-चांपा 09 जून 2026
जांजगीर-चांपा जिले में रिश्तों के विश्वास को शर्मसार करने वाले एक गंभीर मामले में चांपा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इंस्टाग्राम पर महिला का निजी वीडियो वायरल करने वाले आरोपी को महज 72 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे पहुंचा दिया है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी संतोष सोनी (28 वर्ष), निवासी चांपा ने चार वर्षों की दोस्ती का फायदा उठाते हुए महिला की जानकारी और सहमति के बिना उसके निजी फोटो एवं वीडियो अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड कर लिए थे। बाद में दोनों के बीच विवाद होने पर आरोपी ने बदले की भावना से महिला के निजी एवं आपत्तिजनक वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम के माध्यम से प्रसारित कर दिए।
मामले की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन में चांपा पुलिस सक्रिय हुई और तत्काल अपराध क्रमांक 289/26 दर्ज कर सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की धारा 66 एवं 67(ए) के तहत जांच प्रारंभ की गई।
तकनीकी जांच और त्वरित कार्रवाई से आरोपी गिरफ्तार
विवेचना के दौरान पुलिस ने आरोपी की तलाश कर उसे हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त मोबाइल फोन भी जब्त कर लिया है। आवश्यक वैधानिक कार्रवाई के बाद आरोपी को न्यायालय में प्रस्तुत कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
पुलिस की तत्परता से मिला पीड़िता को न्याय
इस संवेदनशील मामले का खुलासा और आरोपी की शीघ्र गिरफ्तारी चांपा पुलिस की सक्रियता और तत्परता का उदाहरण माना जा रहा है। पुलिस ने स्पष्ट संदेश दिया है कि महिलाओं की गरिमा और निजता से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।
इन अधिकारियों की रही महत्वपूर्ण भूमिका
कार्रवाई में निरीक्षक राकेश सूर्यवंशी, उपनिरीक्षक बलवंत धृतलहरे, पीएसआई रुकसाना बानो, आरक्षक ईश्वरी राठौर, श्याम राठौर, गौरीशंकर राय एवं थाना चांपा के समस्त स्टाफ की सराहनीय भूमिका रही।











