
भीड़ नियंत्रण, आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित प्रतिक्रिया और दंगाई गतिविधियों पर प्रभावी कार्रवाई का किया गया अभ्यास
KPN24.com जांजगीर-चांपा 12 जून 2026
जिले में कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ एवं प्रभावी बनाए रखने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन में शुक्रवार को पुलिस लाइन जांजगीर में व्यापक बलवा ड्रिल अभ्यास आयोजित किया गया। जनरल परेड के पश्चात आयोजित इस विशेष प्रशिक्षण में पुलिस अधिकारियों एवं जवानों ने विभिन्न आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने की रणनीतियों का व्यवहारिक प्रदर्शन किया।
अभ्यास के दौरान पुलिस बल को भीड़ नियंत्रण, दंगा-नियंत्रण, आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित प्रतिक्रिया, संवेदनशील परिस्थितियों में संयमित कार्रवाई तथा कानून-व्यवस्था बनाए रखने के विभिन्न पहलुओं का प्रशिक्षण दिया गया। साथ ही बलवा नियंत्रण में उपयोग किए जाने वाले सुरक्षा उपकरणों, सुरक्षात्मक उपायों एवं सामरिक रणनीतियों की विस्तृत जानकारी भी प्रदान की गई।
दंगाई गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए तैयार रहे पुलिस बल
प्रशिक्षण के दौरान अधिकारियों ने जवानों को निर्देशित किया कि कानून-व्यवस्था ड्यूटी के समय विशेष रूप से भीड़-भाड़ वाले क्षेत्रों में सतर्कता, धैर्य और अनुशासन के साथ कार्य करना आवश्यक है। किसी भी अप्रिय अथवा आकस्मिक स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए पुलिस बल को हर समय तैयार रहने तथा आमजन के साथ सौहार्दपूर्ण एवं संवेदनशील व्यवहार बनाए रखने पर जोर दिया गया।
कार्यकुशलता और त्वरित कार्रवाई क्षमता बढ़ाने पर फोकस
बलवा ड्रिल का मुख्य उद्देश्य पुलिस बल की कार्यकुशलता, समन्वय, नेतृत्व क्षमता तथा आपदा एवं आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित कार्रवाई करने की दक्षता को और अधिक मजबूत बनाना रहा। अभ्यास के दौरान जवानों ने विभिन्न परिस्थितियों में भीड़ नियंत्रण, सुरक्षा घेरा निर्माण, घायल व्यक्तियों के सुरक्षित निष्कासन तथा कानून-व्यवस्था बनाए रखने की प्रभावी कार्यप्रणाली का प्रदर्शन किया।
पुलिस विभाग द्वारा समय-समय पर इस प्रकार के प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं, जिससे पुलिस बल की दक्षता में निरंतर वृद्धि हो और नागरिकों की सुरक्षा एवं शांति व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाया जा सके।
ये अधिकारी रहे उपस्थित
इस अवसर पर एसडीओपी प्रदीप कुमार सोरी, सीएसपी जांजगीर योगिता बाली खापर्डे, रक्षित निरीक्षक प्रदीप जोशी, निरीक्षक रामकुमार जैन (यातायात), निरीक्षक सावन कुमार सारथी (थाना प्रभारी पामगढ़), निरीक्षक भास्कर शर्मा (थाना प्रभारी अकलतरा), निरीक्षक मणिकांत पाण्डेय, निरीक्षक कमलेश सेंडे (थाना प्रभारी अजाक), उपनिरीक्षक दिलीप सिंह (थाना प्रभारी बम्हनिडीह) सहित जिले के प्रशिक्षु उपनिरीक्षक एवं बड़ी संख्या में पुलिस अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।











