"हर खबर, आपकी नज़र"

kpn 24

इसाई चंगाई सभा में हिन्दू धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने वालों पर पुलिस का शिकंजा

पास्टर सहित दो आरोपी गिरफ्तार, न्यायिक रिमाण्ड पर भेजे गए जेल

KPN24.com जांजगीर-चांपा 11 जून 2026

जिले में हिन्दू धार्मिक भावनाओं को आहत करने और कथित रूप से धर्म प्रचार के नाम पर आपत्तिजनक गतिविधियां संचालित करने के मामले में सिटी कोतवाली पुलिस ने त्वरित एवं सख्त कार्रवाई करते हुए पास्टर सहित दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया है।

पुलिस के अनुसार, हिन्दू जागरण संगठन के जिला प्रशासन संपर्क प्रमुख सतीश सोनी द्वारा सिटी कोतवाली में लिखित शिकायत दर्ज कराई गई थी। शिकायत में बताया गया कि ग्राम उदयबंद के गुड़ीपारा क्षेत्र में एक मकान में तथाकथित चंगाई सभा आयोजित कर आसपास के लोगों को बीमारी के उपचार का झांसा दिया जा रहा था। साथ ही चमत्कारी पानी पिलाने, बाइबल एवं अन्य धार्मिक साहित्य वितरित कर ईसाई धर्म का प्रचार-प्रसार करने तथा हिन्दू देवी-देवताओं के संबंध में आपत्तिजनक एवं अभद्र टिप्पणियां किए जाने का आरोप लगाया गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पांडेय ने आरोपियों के विरुद्ध तत्काल कठोर वैधानिक कार्रवाई के निर्देश दिए। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री उमेश कश्यप एवं सीएसपी कोतवाली सुश्री योगिता बाली खापर्डे के मार्गदर्शन में विशेष पुलिस टीम गठित कर ग्राम उदयबंद में दबिश दी गई।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मौके से मकान मालिक बद्रीनाथ बरेठ (40 वर्ष), निवासी गुड़ीपारा, ग्राम उदयबंद तथा पास्टर रथराम महिलांगे (38 वर्ष), निवासी मूलमुला को हिरासत में लिया। पूछताछ में दोनों आरोपियों द्वारा लोगों को एकत्रित कर धर्म प्रचार करने तथा हिन्दू देवी-देवताओं के संबंध में आपत्तिजनक टिप्पणियां किए जाने की बात स्वीकार किए जाने का पुलिस ने दावा किया है।
पुलिस ने घटनास्थल से ईसाई धर्म से संबंधित दस्तावेज एवं साहित्य जब्त किया है। दोनों आरोपियों के विरुद्ध अपराध क्रमांक 439/2026 के तहत धारा 299 एवं 3(5) भारतीय न्याय संहिता (BNS) के अंतर्गत प्रकरण दर्ज कर विधिवत गिरफ्तार किया गया तथा न्यायालय में प्रस्तुत कर न्यायिक रिमाण्ड पर जेल भेज दिया गया।
गिरफ्तार आरोपी
1. बद्रीनाथ बरेठ, पिता हरिराम बरेठ, उम्र 40 वर्ष, निवासी गुड़ीपारा, ग्राम उदयबंद, जांजगीर।
2. रथराम महिलांगे, पिता शोभाराम महिलांगे, उम्र 38 वर्ष, निवासी मूलमुला।
पुलिस टीम का सराहनीय योगदान
उक्त कार्रवाई में थाना प्रभारी सिटी कोतवाली निरीक्षक जयप्रकाश गुप्ता, उप निरीक्षक उमेन्द्र मिश्रा, उप निरीक्षक कमलदास बनर्जी, सहायक उप निरीक्षक अरुण कुमार सिंह, प्रधान आरक्षक आलोक शर्मा, भीम कुमार श्रीवास, शंकर राजपूत, विनोद राठौर तथा महिला आरक्षक रेखा यादव की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Kpn 24
Author: Kpn 24

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Read More