"हर खबर, आपकी नज़र"

kpn 24

दहेज प्रताड़ना से तंग नवविवाहिता ने दी जान, पति और जेठानी गिरफ्तार

मारपीट, मानसिक उत्पीड़न और दहेज की मांग से परेशान होकर उठाया आत्मघाती कदम, पुलिस की सख्त कार्रवाई

KPN24.com जांजगीर-चांपा 13 जून 2026

दहेज के लिए लगातार प्रताड़ना, मारपीट और मानसिक उत्पीड़न से त्रस्त एक नवविवाहिता की आत्महत्या मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पति और जेठानी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। थाना सिटी कोतवाली पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए त्वरित कार्रवाई कर दोनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, थाना सिटी कोतवाली बिलासपुर में दर्ज मर्ग जांच के दौरान सामने आया कि वर्ष 2025 में भारती कश्यप का विवाह जांजगीर जिले के ग्राम जरवे (च) निवासी कृष्णा कश्यप के साथ हुआ था। विवाह के कुछ समय बाद ही पति द्वारा दहेज को लेकर ताने देना, प्रताड़ित करना और घरेलू बातों पर मारपीट करना शुरू कर दिया गया।
जांच में यह भी सामने आया कि जब पीड़िता ने अपनी परेशानी जेठानी कविता कश्यप को बताई, तब उसे सहयोग मिलने के बजाय वहां भी दहेज को लेकर प्रताड़ना और मानसिक उत्पीड़न का सामना करना पड़ा। लगातार बढ़ते अत्याचारों से परेशान होकर भारती कश्यप ने अपने मायके पक्ष को भी कई बार इसकी जानकारी दी थी।
बताया गया कि 6 जुलाई 2025 की सुबह मृतिका ने अपनी मां को फोन कर मारपीट और प्रताड़ना की जानकारी दी थी। इसके बाद उसने कथित रूप से कीटनाशक पदार्थ का सेवन कर लिया। गंभीर अवस्था में उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मृत्यु हो गई।
मृतिका की मां, भाई तथा अन्य परिजनों के विस्तृत बयान और जांच के आधार पर पुलिस ने पाया कि पति कृष्णा कश्यप और जेठानी कविता कश्यप द्वारा दहेज के लिए लगातार प्रताड़ित किए जाने और मारपीट किए जाने के कारण यह दुखद घटना हुई। इसके आधार पर दोनों आरोपियों के विरुद्ध अपराध पंजीबद्ध किया गया।
मामले की संवेदनशीलता और गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पांडेय, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कश्यप तथा सीएसपी योगिता बाली खापर्डे के निर्देशन में विशेष टीम गठित की गई। टीम ने ग्राम जरवे (च) में दबिश देकर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने दहेज को लेकर विवाद और प्रताड़ना की बात स्वीकार की, जिसके बाद उन्हें विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
इस कार्रवाई में सीएसपी योगिता बाली खापर्डे, थाना प्रभारी निरीक्षक जयप्रकाश गुप्ता, सहायक उपनिरीक्षक अरुण कुमार सिंह, आरक्षक शंकर राजपूत, दिलीप सिंह तथा महिला आरक्षक रेखा यादव की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Kpn 24
Author: Kpn 24

Leave a Comment

Read More