"हर खबर, आपकी नज़र"

kpn 24

“सांस्कृतिक संध्या में छाई प्रतिभा की चमक, कला मंच पर उतरे पॉवर कंपनी के सितारे”

KPN24.com रायपुर 20 जून 2026

छत्तीसगढ़ स्टेट पॉवर कंपनीज़ के केंद्रीय क्रीड़ा एवं कला परिषद के तत्वावधान में आयोजित सांस्कृतिक संध्या कार्यक्रम प्रतिभा, उत्साह और सांस्कृतिक सौहार्द का शानदार संगम बनकर उभरा। कार्यक्रम में अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने बढ़-चढ़कर भाग लेते हुए अपनी रचनात्मक प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।

कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य कर्मचारियों की छिपी हुई कलात्मक प्रतिभाओं को मंच प्रदान करना तथा संगठन में आपसी समन्वय, सौहार्द और सकारात्मक ऊर्जा को बढ़ावा देना था। इस अवसर पर उत्पादन कंपनी के प्रबंध निदेशक एस. के. कटियार, ट्रांसमिशन कंपनी के प्रबंध निदेशक आर. के. शुक्ला तथा डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी के प्रबंध निदेशक भीम सिंह कंवर विशेष रूप से उपस्थित रहे।
प्रबंध निदेशकों ने प्रतिभागियों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे सांस्कृतिक आयोजन कर्मचारियों में नई ऊर्जा का संचार करते हैं और कार्यस्थल पर बेहतर सामंजस्य स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
कार्यक्रम में कंपनी के विभिन्न कार्यालयों एवं इकाइयों से कुल 25 प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। इनमें 16 प्रतिभागियों ने गायन प्रतियोगिता में अपनी मधुर प्रस्तुतियों से दर्शकों का मन मोह लिया, जबकि 9 प्रतिभागियों ने नृत्य प्रस्तुति देकर अपनी कला और प्रतिभा का प्रभावशाली प्रदर्शन किया।
सांस्कृतिक संध्या का सबसे आकर्षक क्षण तब आया जब कार्यपालक निदेशक (वित्त) एम. एस. चौहान ने लोकप्रिय गीत ‘रूप तेरा मस्ताना’ की धुन पर सैक्सोफोन वादन प्रस्तुत कर पूरे सभागार को मंत्रमुग्ध कर दिया। उनकी प्रस्तुति ने कार्यक्रम में चार चाँद लगा दिए।
विशेष बात यह रही कि इस समावेशी आयोजन में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी से लेकर कार्यपालक निदेशक स्तर तक के अधिकारियों ने कलाकार के रूप में मंच साझा किया। प्रतिभागियों ने हिन्दी फिल्मी गीतों के साथ-साथ पारंपरिक एवं आधुनिक नृत्य शैलियों की आकर्षक प्रस्तुतियाँ दीं, जिन्हें उपस्थित अधिकारियों, कर्मचारियों और उनके परिजनों ने भरपूर सराहा।
कार्यक्रम के समापन अवसर पर सभी प्रतिभागियों को उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए सम्मानित किया गया तथा भविष्य में भी ऐसे सांस्कृतिक आयोजनों को निरंतर आयोजित करने की प्रतिबद्धता व्यक्त की गई।
इस अवसर पर कार्यपालक निदेशक के. एस. मनोठिया, संजय पटेल, मुख्य अभियंता प्रसन्ना गोसावी तथा मुख्य सुरक्षा अधिकारी श्रीनिवास राव सहित अनेक अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Kpn 24
Author: Kpn 24

Leave a Comment

Read More