
KPN24.com जांजगीर-चांपा 20 जून 2026
ग्राम डभराखुर्द कृषि शाख सेवा सहकारी समिति में विधिक जन-जागरूकता शिविर का सफल आयोजन किया गया, जिसमें किसानों एवं ग्रामीणों को उनके कानूनी अधिकारों, निःशुल्क विधिक सहायता तथा आगामी लोक अदालतों से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां प्रदान की गईं।
यह शिविर माननीय प्रथम जिला एवं सत्र न्यायाधीश तथा अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण जांजगीर-चांपा श्री जयदीप गर्ग एवं सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण श्री मनोज कुमार कुशवाहा के निर्देशानुसार तथा माननीया न्यायिक मजिस्ट्रेट एवं अध्यक्ष तालुका विधिक सेवा समिति चांपा श्रीमती नम्रता नोरगे के मार्गदर्शन में आयोजित किया गया।
शिविर में पीएलवी रमेश कुमार दिवाकर ने बताया कि आगामी 21, 22 एवं 23 अगस्त 2026 को माननीय सर्वोच्च न्यायालय परिसर में आयोजित होने वाले “समाधान समारोह” का उद्देश्य सर्वोच्च न्यायालय में लंबित उपयुक्त मामलों का आपसी सहमति एवं सुलह के माध्यम से त्वरित निराकरण करना है। उन्होंने बताया कि इसकी प्रक्रिया 21 अप्रैल 2026 से प्रारंभ हो चुकी है, जिसके अंतर्गत संबंधित पक्षों को जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के माध्यम से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग अथवा प्रत्यक्ष उपस्थिति के जरिए जोड़ा जा रहा है।
उन्होंने 18 जुलाई एवं 21 नवंबर 2026 को आयोजित होने वाली विशेष लोक अदालत, 12 सितंबर 2026 की राष्ट्रीय लोक अदालत, निःशुल्क कानूनी सहायता योजनाओं, नालसा हेल्पलाइन नंबर 15100 तथा महिला हेल्पलाइन नंबर 1091 के संबंध में भी विस्तारपूर्वक जानकारी दी।
वहीं पीएलवी संतोष कुमार कश्यप ने ग्रामीणों को मोटर वाहन अधिनियम, प्रथम सूचना रिपोर्ट (एफआईआर), महिलाओं के अधिकार, डॉन योजना सहित विभिन्न कानूनी प्रावधानों और जनहितकारी योजनाओं की जानकारी देकर जागरूक किया।
कार्यक्रम में समिति प्रबंधक हिरो साहू, ऑपरेटर छत्रसाल साहू, सेल्समैन टिकेंद्र कौशिक सहित किसान संतोष कश्यप, प्रेमलाल, उमेश मनहर, कन्हाई कश्यप, दयामति, जगतराम, भूनेश्वर एवं जैताराम पटेल समेत बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
शिविर में लगभग 50 किसानों एवं ग्रामीणों ने भाग लेकर विधिक जानकारी प्राप्त की और निःशुल्क कानूनी सहायता योजनाओं का लाभ उठाने के प्रति जागरूकता दिखाई।










