"हर खबर, आपकी नज़र"

kpn 24

सोमनाथ स्वाभिमान यात्रा से गूंजेगा छत्तीसगढ़ का सांस्कृतिक गौरव

1,000 विशिष्टजन विशेष रेलगाड़ी से करेंगे सोमनाथ धाम की यात्रा, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय करेंगे शुभारंभ

KPN24.com रायपुर 21 जून 2026

भारतीय संस्कृति, आस्था और राष्ट्रीय स्वाभिमान के प्रतीक सोमनाथ धाम से जुड़ने के लिए छत्तीसगढ़ एक ऐतिहासिक सांस्कृतिक अध्याय लिखने जा रहा है। 22 से 26 जून 2026 तक आयोजित होने वाली “सोमनाथ स्वाभिमान सांस्कृतिक यात्रा” के अंतर्गत प्रदेश के 1,000 विशिष्टजन विशेष रेलगाड़ी के माध्यम से गुजरात स्थित सोमनाथ धाम पहुंचेंगे। यह यात्रा केवल एक धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति, राष्ट्रीय चेतना और सांस्कृतिक एकात्मता का विराट उत्सव बनने जा रही है।

22 जून को प्रातः 9 बजे रायपुर रेलवे स्टेशन से यात्रा का भव्य शुभारंभ होगा। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे, जबकि पर्यटन, संस्कृति, धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व मंत्री राजेश अग्रवाल अध्यक्षता करेंगे। इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों, सांसदों, विधायकों, महापौरों तथा अनेक गणमान्य नागरिकों की उपस्थिति रहेगी।
आस्था, स्वाभिमान और सांस्कृतिक चेतना का महापर्व
सोमनाथ स्वाभिमान पर्व भारत की उस अटूट सांस्कृतिक चेतना का प्रतीक है, जिसने सदियों की चुनौतियों के बावजूद अपनी आस्था, पहचान और गौरव को अक्षुण्ण बनाए रखा। इसी ऐतिहासिक स्मृति को जन-जन तक पहुंचाने के लिए भारत सरकार के संस्कृति मंत्रालय द्वारा देशभर में विविध कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। छत्तीसगढ़ की यह यात्रा उसी राष्ट्रीय अभियान का महत्वपूर्ण हिस्सा है, जिसका उद्देश्य नई पीढ़ी को भारतीय संस्कृति की जड़ों, आध्यात्मिक धरोहर और राष्ट्रीय गौरव से जोड़ना है।
छत्तीसगढ़ की मिट्टी और नदियों का जल पहुंचेगा सोमनाथ
यात्रा की सबसे विशेष बात यह होगी कि प्रदेश के विभिन्न जिलों से चयनित विशिष्टजन, पद्म पुरस्कार एवं राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय सम्मान प्राप्त कलाकार, साहित्यकार, संस्कृति कर्मी, समाजसेवी और जनप्रतिनिधि इसमें सहभागी बनेंगे। प्रतिभागी अपने-अपने क्षेत्र की पावन मिट्टी और नदियों का जल लेकर सोमनाथ धाम पहुंचेंगे, जो राष्ट्रीय एकता, सांस्कृतिक समरसता और अखंड भारत की भावना का जीवंत प्रतीक बनेगा।
लोक संस्कृति को मिलेगा राष्ट्रीय मंच
इस सांस्कृतिक यात्रा के माध्यम से छत्तीसगढ़ की समृद्ध लोक परंपराओं, कला, साहित्य और सांस्कृतिक विविधता का राष्ट्रीय स्तर पर प्रदर्शन होगा। प्रतिभागियों को सोमनाथ मंदिर दर्शन के साथ-साथ सांस्कृतिक प्रस्तुतियों, कला यात्राओं और ऐतिहासिक-धार्मिक स्थलों के भ्रमण का अवसर मिलेगा। इससे विभिन्न राज्यों के सांस्कृतिक प्रतिनिधियों के बीच संवाद और सांस्कृतिक आदान-प्रदान को भी नई गति मिलेगी।
व्यापक तैयारियां, सुरक्षा और सुव्यवस्थित प्रबंधन
संस्कृति विभाग के अनुसार यात्रा को सफल और सुरक्षित बनाने के लिए व्यापक तैयारियां की जा रही हैं। सभी जिलों से चयनित प्रतिभागियों के स्वास्थ्य परीक्षण, यात्रा प्रबंधन तथा आवश्यक दस्तावेजों की प्रक्रिया पूर्ण की जा रही है। विशेष रेलगाड़ी के संचालन और समन्वय के लिए अधिकारियों को जिम्मेदारियां सौंप दी गई हैं।
सांस्कृतिक गौरव का नया अध्याय
सोमनाथ स्वाभिमान सांस्कृतिक यात्रा केवल तीर्थयात्रा नहीं, बल्कि भारत की सांस्कृतिक चेतना, गौरवशाली इतिहास और राष्ट्रीय एकता का जीवंत उत्सव है। छत्तीसगढ़ से निकलने वाली यह ऐतिहासिक यात्रा प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत को राष्ट्रीय मंच पर नई पहचान दिलाएगी और समाज में भारतीय मूल्यों, सांस्कृतिक जागरूकता तथा राष्ट्रीय गौरव की भावना को और अधिक सशक्त करेगी।

Kpn 24
Author: Kpn 24

Leave a Comment

Read More