
KPN24.com राजनांदगांव/रायपुर 22 जून 2026
छत्तीसगढ़ में विकास और सुशासन की नई इबारत लिखते हुए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने राजनांदगांव जिले को 510 करोड़ 89 लाख रुपये से अधिक लागत के 333 विकास कार्यों की ऐतिहासिक सौगात दी।
स्टेट हाई स्कूल मैदान में आयोजित प्रगतिशील किसान सम्मेलन एवं लोकार्पण-भूमिपूजन कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने विकास कार्यों का शुभारंभ करते हुए कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य केवल निर्माण कार्य करना नहीं, बल्कि प्रत्येक परिवार तक शासन की योजनाओं का लाभ पहुंचाना है।
कार्यक्रम में विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह विशेष रूप से उपस्थित रहे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राजनांदगांव आज फसल विविधीकरण, जल संरक्षण और किसान समृद्धि के मॉडल जिले के रूप में उभर रहा है। किसानों ने पारंपरिक खेती से आगे बढ़कर दलहन, तिलहन और अन्य लाभकारी फसलों को अपनाया है, जिसके सकारात्मक परिणाम सामने आ रहे हैं।
किसानों के लिए बड़ी घोषणा
मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि खरीफ 2026 से कृषक उन्नति योजना के तहत धान के स्थान पर दलहन, तिलहन अथवा अन्य फसलों की खेती करने वाले किसानों को प्रति एकड़ 15 हजार रुपये की आदान सहायता राशि प्रदान की जाएगी। इससे किसानों को फसल चक्र परिवर्तन अपनाने और आय बढ़ाने में मदद मिलेगी।
इन महत्वपूर्ण परियोजनाओं की हुई घोषणा
मुख्यमंत्री ने शिवनाथ नदी के मोहारा मेला स्थल से ऑक्सीजन जोन तक सस्पेंशन ब्रिज, ईरा एनीकट निर्माण एवं संरक्षण कार्य, कुमरदा-गेंदाटोला-कल्लूबंजारी मार्ग निर्माण तथा घुमरिया व्यपवर्तन जीर्णोद्धार जैसे महत्वपूर्ण विकास कार्यों की भी घोषणा की।
सुशासन की नई पहल
मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य सरकार द्वारा प्रारंभ की गई सीएम हेल्पलाइन 1076 के माध्यम से नागरिक अपनी समस्याएं दर्ज कर समयबद्ध समाधान प्राप्त कर रहे हैं। वहीं ई-डिस्ट्रिक्ट प्रणाली के जरिए आय, जाति, निवास सहित 400 से अधिक सेवाएं घर बैठे उपलब्ध कराई जा रही हैं।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री बिजली बिल समाधान योजना तथा प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के माध्यम से आम जनता को राहत पहुंचाई जा रही है और लोगों को रूफटॉप सोलर अपनाने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।
डॉ. रमन सिंह ने की फसल चक्र परिवर्तन अभियान की सराहना
विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने कहा कि पद्मश्री फूलबासन बाई यादव एवं महिला स्व-सहायता समूहों ने भीषण गर्मी में गांव-गांव जाकर किसानों को जल संरक्षण और फसल चक्र परिवर्तन के प्रति जागरूक किया, जिसके परिणामस्वरूप राजनांदगांव में फसल विविधीकरण को नई गति मिली है।
किसानों को मिला सम्मान
कार्यक्रम में जिला प्रशासन और एबीस एक्सपोर्ट के बीच सोयाबीन खरीदी के लिए एमओयू पर हस्ताक्षर किए गए। साथ ही प्रगतिशील किसानों, कृषि सखी दीदियों, सरपंचों और ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारियों का सम्मान किया गया तथा किसानों को फसल विविधीकरण के लिए मिनी किट वितरित किए गए।
इस अवसर पर जिले के प्रभारी मंत्री गजेन्द्र यादव, सांसद संतोष पांडे, छत्तीसगढ़ पर्यटन मंडल के अध्यक्ष नीलू शर्मा, छत्तीसगढ़ श्रम कल्याण मंडल के अध्यक्ष योगेश दत्त मिश्रा सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।










