"हर खबर, आपकी नज़र"

kpn 24

वीरांगना रानी दुर्गावती का शौर्य आज भी राष्ट्र को देता है साहस की प्रेरणा : मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय

बलिदान दिवस पर मुख्यमंत्री ने प्रतिमा पर माल्यार्पण कर किया नमन, कहा – इतिहास और विरासत का सम्मान ही उज्ज्वल भविष्य की आधारशिला

KPN24.com रायपुर 24 जून 2026

वीरता, स्वाभिमान और मातृभूमि के प्रति अद्वितीय समर्पण की प्रतीक वीरांगना रानी दुर्गावती के बलिदान दिवस पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने राजधानी रायपुर के केनाल लिंकिंग रोड स्थित उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किए।

इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने कहा कि रानी दुर्गावती का अदम्य साहस, अप्रतिम पराक्रम और सर्वोच्च बलिदान भारतीय इतिहास की अमूल्य धरोहर है, जो आने वाली पीढ़ियों को राष्ट्रभक्ति और स्वाभिमान का संदेश देता रहेगा।
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि रानी दुर्गावती का शौर्य केवल इतिहास का अध्याय नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण की प्रेरक शक्ति है। उनका जीवन संघर्ष, आत्मसम्मान और मातृभूमि की रक्षा के लिए समर्पण का सर्वोच्च उदाहरण है। उन्होंने कहा कि विपरीत परिस्थितियों में भी साहस और कर्तव्यनिष्ठा के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा हमें उनकी गौरवगाथा से प्राप्त होती है।
उन्होंने कहा कि जो समाज अपने महापुरुषों, वीर नायकों और गौरवशाली इतिहास को भूल जाता है, उसका भविष्य भी संकटग्रस्त हो जाता है। वहीं जो समाज अपनी सांस्कृतिक विरासत और महान विभूतियों का सम्मान करता है, उसका भविष्य सदैव उज्ज्वल और समृद्ध रहता है।
मुख्यमंत्री ने रानी दुर्गावती के जीवन प्रसंगों का उल्लेख करते हुए कहा कि उन्होंने मुगल साम्राज्य की विशाल सेना के समक्ष अद्वितीय वीरता का परिचय दिया। अंतिम सांस तक संघर्ष करते हुए उन्होंने मातृभूमि और स्वाभिमान की रक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी तथा वीरगति प्राप्त की। उनका बलिदान भारतीय इतिहास में साहस, स्वाभिमान और राष्ट्रप्रेम का अमर अध्याय है।
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश “विकास भी, विरासत भी” के मंत्र के साथ आगे बढ़ रहा है। विकास तभी सार्थक है जब हमारी सांस्कृतिक विरासत, ऐतिहासिक चेतना और महान विभूतियों के योगदान को भी समान सम्मान और संरक्षण मिले। रानी दुर्गावती द्वारा स्थापित राष्ट्रचेतना और संघर्ष की भावना आज भी समाज को नई दिशा प्रदान कर रही है।
उन्होंने कहा कि रानी दुर्गावती का जीवन वर्तमान और भविष्य दोनों के लिए प्रेरणा का अमर स्रोत है। उनके आदर्शों से प्रेरणा लेकर विकसित भारत और विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण के संकल्प को और अधिक दृढ़ता के साथ आगे बढ़ाना होगा।
कार्यक्रम में कृषि मंत्री रामविचार नेताम, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री केदार कश्यप, विधायक पुरंदर मिश्रा, विधायक भूलन सिंह मरावी, डॉ. नंदकुमार साय, रायपुर नगर निगम महापौर श्रीमती मीनल चौबे, छत्तीसगढ़ औषधीय पादप बोर्ड के अध्यक्ष विकास मरकाम, छत्तीसगढ़ राज्य अनुसूचित जनजाति आयोग के अध्यक्ष रूप सिंह मंडावी सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि एवं नागरिक उपस्थित रहे।

Kpn 24
Author: Kpn 24

Leave a Comment

Read More