
स्वरोजगार की राह पर बढ़े युवा, आत्मनिर्भर बनने का मिला नया संबल
KPN24.com जैजैपुर/सक्ति 02 जुलाई 2026
छत्तीसगढ़ राज्य औद्योगिक विकास निगम (CSIDC) के सहयोग तथा कृषि विकास सहकारी समिति लिमिटेड (KVSSL) के संयुक्त तत्वावधान में विकासखंड जैजैपुर के ग्राम पंचायत बेलकर्री के आश्रित ग्राम बावनबुडी स्थित पंचायत भवन में आयोजित 14 दिवसीय उद्यमिता विकास कार्यक्रम (EDP-CEPI) का सफल समापन हुआ।
07 जून से 20 जून 2026 तक चले इस प्रशिक्षण में ग्रामीण युवाओं और महिला प्रतिभागियों को स्वरोजगार एवं उद्यमिता के व्यावहारिक गुर सिखाए गए।
रेम्प (RAMP) कार्यक्रम के अभिजीत भट्ट ने बताया कि प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को व्यवसाय चयन, परियोजना प्रतिवेदन तैयार करना, वित्तीय प्रबंधन, बैंक ऋण प्रक्रिया, डिजिटल भुगतान, विपणन रणनीति, लेखा-जोखा संधारण तथा केंद्र एवं राज्य शासन की विभिन्न स्वरोजगार योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में शामिल युवाओं और इच्छुक उद्यमियों ने पूरे उत्साह के साथ प्रशिक्षण प्राप्त किया। प्रतिभागियों ने कहा कि इस प्रशिक्षण से उन्हें स्वयं का व्यवसाय प्रारंभ करने के लिए आवश्यक ज्ञान, कौशल और आत्मविश्वास मिला है। साथ ही स्थानीय संसाधनों के आधार पर रोजगार के नए अवसरों की पहचान कर उन्हें सफल उद्यम में बदलने की प्रेरणा भी मिली।
समापन समारोह में आयोजकों ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में उद्यमिता को बढ़ावा देकर युवाओं को आत्मनिर्भर बनाना तथा स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर सृजित करना इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य है। उन्होंने विश्वास जताया कि CSIDC एवं KVSSL के सहयोग से भविष्य में भी ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रम निरंतर आयोजित किए जाएंगे, जिससे अधिक से अधिक युवाओं को स्वरोजगार से जोड़ा जा सके।
प्रशिक्षण के दौरान मास्टर ट्रेनर दीनदयाल यादव एवं सावित्री पॉल ने प्रतिभागियों को विभिन्न आजीविका आधारित गतिविधियों एवं सफल उद्यम संचालन के व्यावहारिक पहलुओं का प्रशिक्षण प्रदान किया।
ग्रामीण प्रतिभागियों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रम आर्थिक सशक्तिकरण, आत्मनिर्भरता और उज्ज्वल भविष्य की दिशा में मील का पत्थर साबित होंगे।










