
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय बोले— “सोठी आश्रम केवल संस्थान नहीं, मानवता, करुणा और समर्पण का जीवंत केंद्र”
KPN24.com जांजगीर-चांपा 2 जुलाई 2026
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने जांजगीर-चांपा जिले के एक दिवसीय प्रवास के दौरान सोठी स्थित भारतीय कुष्ठ निवारक संघ आश्रम पहुँचकर सेवा, स्वास्थ्य और पुनर्वास कार्यों का अवलोकन किया। आश्रमवासियों से आत्मीय मुलाकात करते हुए उन्होंने कहा कि “सोठी आश्रम केवल एक सेवा संस्थान नहीं, बल्कि मानवता, करुणा और संवेदना का जीवंत केंद्र है, जहाँ वर्षों से निःस्वार्थ भाव से समाज के उपेक्षित और जरूरतमंद लोगों की सेवा की जा रही है।”
मुख्यमंत्री ने आश्रम प्रमुख सुधीर देव से संस्था की गतिविधियों, चिकित्सा सुविधाओं और पुनर्वास कार्यों की विस्तृत जानकारी ली तथा आश्रम के सेवा कार्यों की मुक्त कंठ से सराहना की। उन्होंने कहा कि ऐसे संस्थान भारतीय संस्कृति के “नर सेवा ही नारायण सेवा” के आदर्श को साकार करते हैं और समाज में मानवीय मूल्यों को सशक्त बनाने का प्रेरणादायी कार्य कर रहे हैं।
आश्रम परिसर स्थित श्री सिद्धि विनायक मंदिर में मुख्यमंत्री ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना एवं आरती कर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। साथ ही संस्था के संस्थापक स्वर्गीय सदाशिव गोविंद कात्रे के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उनके सेवा भाव को श्रद्धापूर्वक नमन किया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने आश्रम को नई एम्बुलेंस की सौगात देते हुए हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। उन्होंने कहा कि यह सुविधा आश्रमवासियों और जरूरतमंद मरीजों को समय पर बेहतर स्वास्थ्य सेवाएँ उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
मुख्यमंत्री ने आश्रम परिसर का भ्रमण कर पुनर्वास एवं स्वास्थ्य सेवाओं का निरीक्षण किया, आश्रमवासियों का कुशलक्षेम जाना और उन्हें उपहार भी भेंट किए। उन्होंने गौशाला में गौमाता की पूजा कर हरा चारा अर्पित किया तथा गौसेवा का संदेश दिया।
इसके पश्चात मुख्यमंत्री ने संत गुरु घासीदास चिकित्सालय का निरीक्षण करते हुए ओपीडी, पैथोलॉजी लैब, एक्स-रे कक्ष, आईसीयू, ऑपरेशन थियेटर सहित विभिन्न इकाइयों का जायजा लिया और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएँ सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने धनवंतरी जनकल्याण समिति, रायपुर द्वारा संचालित निःशुल्क कैंसर स्क्रीनिंग वाहन का भी अवलोकन किया। उन्होंने कहा कि समय पर जाँच और उपचार गंभीर बीमारियों से बचाव का सबसे प्रभावी माध्यम है तथा इस प्रकार की पहल जनस्वास्थ्य के लिए अत्यंत उपयोगी है।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री गुरु खुशवंत साहेब, सांसद श्रीमती कमलेश देवी जांगड़े, विधायक किरण सिंह देव, छत्तीसगढ़ खनिज विकास निगम के अध्यक्ष सौरभ सिंह, छत्तीसगढ़ राज्य हथकरघा विकास एवं विपणन सहकारी संघ के अध्यक्ष भोजराज देवांगन, आश्रम के पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।










