
KPN24.com जांजगीर-चांपा 08 जुलाई 2026
जांजगीर-चांपा जिले की सारागांव पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए फार्म हाउस में चोरी की वारदात को अंजाम देने वाले दो सगे शातिर भाइयों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी गया सबमर्सिबल पंप, रॉड कटर मशीन, बिजली तार, सबमर्सिबल पैनल, दो प्लास्टिक कुर्सियां, घटना में प्रयुक्त बिना नंबर की स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल तथा चोरी में इस्तेमाल किया गया सब्बल बरामद किया है। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
ऐसे खुला चोरी का राज
पुलिस के अनुसार, प्रार्थी पवन राठौर ने थाना सारागांव में शिकायत दर्ज कराई थी कि एनएच-49 स्थित निर्माणाधीन पेट्रोल पंप के सामने बने उनके फार्म हाउस से सबमर्सिबल पंप, बिजली के तार, रॉड कटर मशीन, प्लास्टिक कुर्सियां तथा अन्य निर्माण सामग्री चोरी हो गई है।
इसी बीच 07 जुलाई 2026 की रात दो युवक एक स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल पर बोरी में सामान भरकर ले जाते दिखाई दिए। ग्रामीणों को संदेह होने पर उनका पीछा किया गया और तत्काल सारागांव पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस की सक्रियता और ग्रामीणों की सतर्कता से दोनों आरोपियों को दबोच लिया गया।
20 हजार रुपये का सामान बरामद
मौके की जांच में फार्म हाउस के लोहे के दरवाजे की कुंडी टूटी मिली। जांच के दौरान पता चला कि वहां से 01 एचपी वरुणा कंपनी का सबमर्सिबल पंप, रॉड कटर मशीन, बिजली तार, सबमर्सिबल पैनल तथा दो प्लास्टिक कुर्सियां चोरी की गई थीं। बरामद सामान की कुल कीमत लगभग 20 हजार रुपये आंकी गई है।
पूछताछ में दोनों आरोपियों ने चोरी की वारदात स्वीकार कर ली। उनके मेमोरेंडम के आधार पर चोरी का पूरा माल, घटना में प्रयुक्त बिना नंबर की मोटरसाइकिल तथा सब्बल बरामद कर लिया गया।
गिरफ्तार आरोपी
रमेश कुमार गोयल (29 वर्ष), निवासी मुरलीडीह कंजी, थाना मुलमुला।
महेश गोयल (27 वर्ष), निवासी मुरलीडीह कंजी, थाना मुलमुला, जिला जांजगीर-चांपा।
पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका
इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक राकेश कुमार सूर्यवंशी एवं सारागांव थाना स्टाफ की तत्परता और सक्रियता से चोरी की वारदात का शीघ्र खुलासा हुआ। पुलिस की इस कार्रवाई की क्षेत्र में सराहना की जा रही है।










