
KPN24.com जांजगीर-चांपा 08 जुलाई 2026
नई दिल्ली में समाज के गरीब, असहाय एवं निराश्रित बच्चों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए पिछले 17 वर्षों से लगातार सेवा कार्य कर रहे कुंदन कांसकार को दिल्ली सरकार ने महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपते हुए दिल्ली बाल अधिकार संरक्षण आयोग का सदस्य नियुक्त किया है। उनकी इस नियुक्ति से न केवल उनके परिवार, बल्कि बलौदा नगर सहित पूरे छत्तीसगढ़ में हर्ष और गौरव का वातावरण है।
कुंदन कांसकार लंबे समय से आर्थिक रूप से कमजोर, असहाय एवं निराश्रित बच्चों के सामाजिक, आर्थिक और शैक्षणिक उत्थान के लिए सक्रिय रूप से कार्य कर रहे हैं। शिक्षा, बाल अधिकारों के संरक्षण, बच्चों के पुनर्वास तथा उनके सर्वांगीण विकास की दिशा में उनके निरंतर प्रयासों को देखते हुए दिल्ली सरकार ने उन पर यह महत्वपूर्ण दायित्व सौंपा है। उनकी नियुक्ति को सामाजिक सेवा के क्षेत्र में किए गए समर्पित कार्यों का सम्मान माना जा रहा है।
कुंदन कांसकार स्वर्गीय मेघनाथ कांसकार के सुपौत्र, केशव कांसकार के सुपुत्र तथा राजेश कांसकार के भतीजे हैं। उनकी इस उपलब्धि ने उनके परिवार के साथ-साथ बलौदा नगर और छत्तीसगढ़ के लोगों का भी मान बढ़ाया है। क्षेत्र के सामाजिक संगठनों, जनप्रतिनिधियों, शुभचिंतकों एवं नागरिकों ने इसे पूरे प्रदेश के लिए गौरव का विषय बताया है।
दिल्ली बाल अधिकार संरक्षण आयोग में सदस्य के रूप में कुंदन कांसकार अब बच्चों के अधिकारों की रक्षा, शिक्षा, सुरक्षा, कल्याण और उनके हितों से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर अपनी सक्रिय भूमिका निभाएंगे। समाज के विभिन्न वर्गों का मानना है कि उनके अनुभव और सेवा भावना से आयोग को नई ऊर्जा और दिशा मिलेगी।
उनकी नियुक्ति पर परिजनों, मित्रों, सामाजिक संगठनों तथा शुभचिंतकों ने हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। सभी ने विश्वास व्यक्त किया है कि वे अपने नए दायित्व का निर्वहन पूरी निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ करेंगे तथा बच्चों के अधिकारों की रक्षा और उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए प्रभावी कार्य करेंगे।










