"हर खबर, आपकी नज़र"

kpn 24

रुको… सोचो… फिर एक्शन लो” — साइबर ठगों से बचने का मंत्र, एसडीओपी अजय वाघमारे ने बच्चों को किया जागरूक

मनीष विद्यार्थी सेंधवा मध्यप्रदेश 

KPN24.com सेंधवा मध्यप्रदेश 08 जुलाई 2026

बढ़ते साइबर अपराधों के बीच लोगों को डिजिटल रूप से सतर्क बनाने के उद्देश्य से सेंधवा ग्रामीण पुलिस ने “सेफ क्लिक 2.0” अभियान के तहत नेहरू स्मृति उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, जोगवाड़ा रोड में साइबर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों, शिक्षकों और अभिभावकों को ऑनलाइन ठगी के नए-नए तरीकों से बचाव की जानकारी दी गई।

कार्यक्रम में एसडीओपी अजय वाघमारे, थाना प्रभारी ओमप्रकाश सिंह चौंगड़े एवं साइबर एक्सपर्ट संजय पाटीदार ने डिजिटल अरेस्ट, फर्जी बैंक कॉल, ओटीपी फ्रॉड, केवाईसी अपडेट के नाम पर ठगी, फर्जी निवेश व लोन ऑफर, सोशल मीडिया फ्रॉड सहित विभिन्न साइबर अपराधों की जानकारी देते हुए उनसे बचने के आसान और प्रभावी उपाय बताए।
एसडीओपी अजय वाघमारे ने विद्यार्थियों और अभिभावकों को संदेश देते हुए कहा, “आपके जीवनभर की कमाई आपकी सबसे बड़ी पूंजी है। किसी भी अज्ञात कॉल, संदिग्ध लिंक या ऑनलाइन लेनदेन पर बिना जांच-परख भरोसा न करें। रुकें, सोचें और फिर एक्शन लें। यही साइबर सुरक्षा का सबसे मजबूत मंत्र है।”
कार्यक्रम में सभी नागरिकों से अपील की गई कि वे स्वयं जागरूक रहें और अपने परिवार, मित्रों तथा परिचितों को भी साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक करें। सेंधवा पुलिस का “सेफ क्लिक 2.0” अभियान जिलेभर के विद्यालयों, महाविद्यालयों, शासकीय कार्यालयों, व्यापारिक प्रतिष्ठानों और ग्रामीण क्षेत्रों में लगातार चलाया जा रहा है, ताकि हर नागरिक सुरक्षित डिजिटल व्यवहार अपनाकर साइबर अपराधियों के जाल से बच सके।
पुलिस की अपील
“सतर्क रहें, सुरक्षित रहें।” यदि किसी भी प्रकार की साइबर ठगी का शिकार हों तो तुरंत राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 पर कॉल करें या नजदीकी पुलिस थाने में सूचना दें। आपकी सजगता ही आपकी सबसे बड़ी सुरक्षा है।

Kpn 24
Author: Kpn 24

Leave a Comment

Read More