
KPN24.com रायपुर 09 जुलाई 2026
छत्तीसगढ़ में विकास की रफ्तार को नई दिशा देते हुए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने गुरुवार को आरंग विधानसभा क्षेत्र के नगर पंचायत समोदा में आयोजित भव्य कार्यक्रम में 128 करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया। इस दौरान उन्होंने क्षेत्र के लिए कई नई विकास परियोजनाओं की घोषणा करते हुए स्पष्ट कहा कि “सुशासन, विकास और जनकल्याण ही हमारी सरकार की पहचान है।”
मुख्यमंत्री ने ग्राम पंचायत रीवा में लगभग 4 करोड़ रुपये की लागत से स्टॉप डैम निर्माण, शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय समोदा में अहाता निर्माण, नगर पंचायत समोदा के पंचायत भवन में प्रथम तल निर्माण तथा ग्राम तुलसी के हाई स्कूल को हायर सेकेंडरी विद्यालय में उन्नयन की घोषणा की। उन्होंने कहा कि सरकार प्रदेश के हर गांव और हर वर्ग तक विकास की रोशनी पहुंचाने के लिए लगातार काम कर रही है।
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि राज्य सरकार ने पिछले ढाई वर्षों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अधिकांश गारंटियों को धरातल पर उतारा है। उन्होंने कहा कि “मोदी की गारंटी, यानी गारंटी पूरी होने की गारंटी” केवल एक नारा नहीं, बल्कि सरकार की कार्यशैली और जनता के विश्वास का प्रतीक है।
उन्होंने बताया कि प्रदेश में 18 लाख गरीब परिवारों के लिए प्रधानमंत्री आवास स्वीकृत किए गए हैं, जिनमें से 10 लाख से अधिक आवास पूर्ण हो चुके हैं। किसानों से 3,100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदा जा रहा है, वहीं महतारी वंदन योजना के तहत अब तक 28 किश्तों में 18 हजार करोड़ रुपये से अधिक की राशि महिलाओं के खातों में अंतरित की जा चुकी है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का लक्ष्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचाना है। इसी उद्देश्य से बस्तर सहित प्रदेश के दूरस्थ क्षेत्रों में सड़क, बिजली, पेयजल, स्वास्थ्य और अन्य मूलभूत सुविधाओं का तेजी से विस्तार किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पारदर्शी, जवाबदेह और भ्रष्टाचार मुक्त प्रशासन स्थापित करने के लिए सरकार निरंतर प्रभावी कदम उठा रही है तथा नागरिक सेवाओं को अधिक सरल और सुलभ बनाया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि किसानों के लिए पर्याप्त मात्रा में खाद, बीज एवं कृषि आदानों की उपलब्धता सुनिश्चित की गई है। सेवा सेतु के माध्यम से 520 से अधिक शासकीय सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं, जबकि मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 के जरिए शिकायतों का समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने नागरिकों से शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री बिजली बिल समाधान योजना की अवधि तीन माह के लिए बढ़ा दी गई है। पात्र उपभोक्ता “मोर बिजली” मोबाइल एप अथवा वेबसाइट के माध्यम से सितंबर तक पंजीयन कर योजना का लाभ ले सकते हैं।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कौशल विकास एवं तकनीकी शिक्षा मंत्री गुरु खुशवंत साहेब ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में आरंग विधानसभा क्षेत्र को अब तक 858 करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्यों की सौगात मिल चुकी है। उन्होंने इसे प्रदेश में विकास और सुशासन की नई शुरुआत बताया।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने “एक पेड़ माँ के नाम 2.0” अभियान के तहत आंवला का पौधा रोपित किया, सरस्वती साइकिल योजना के अंतर्गत कक्षा 9 की छात्राओं को साइकिल वितरित की तथा मिशन उत्कर्ष के उत्कृष्ट विद्यार्थियों को सम्मानित भी किया।
इस अवसर पर छत्तीसगढ़ चर्म शिल्पकार विकास बोर्ड के अध्यक्ष ध्रुव कुमार मिर्धा, छत्तीसगढ़ औषधीय पादप बोर्ड के उपाध्यक्ष अंजय शुक्ला, कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह, जनप्रतिनिधि, अधिकारी तथा बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।










