
सेमीकंडक्टर पार्क और नए औद्योगिक क्षेत्रों को मिलेगी निर्बाध एवं गुणवत्तापूर्ण बिजली, लिटिया सेमरिया उपकेंद्र में दो पावर ट्रांसफार्मरों का सफल ऊर्जीकरण
KPN24.com रायपुर 13 जुलाई 2026
छत्तीसगढ़ की औद्योगिक प्रगति को नई रफ्तार देने की दिशा में छत्तीसगढ़ स्टेट पावर ट्रांसमिशन कंपनी ने एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। राज्य की विद्युत पारेषण व्यवस्था को और अधिक सशक्त बनाते हुए 220/132 केवी लिटिया सेमरिया उपकेंद्र में स्थापित 160-160 एमवीए क्षमता के दो पावर ट्रांसफार्मरों का सफलतापूर्वक ऊर्जीकरण कर दिया गया। इससे उपकेंद्र की ट्रांसफॉर्मेशन क्षमता में 320 एमवीए की बढ़ोतरी हुई है, जो प्रदेश की बढ़ती औद्योगिक और उपभोक्ता विद्युत आवश्यकताओं को पूरा करने में अहम भूमिका निभाएगी।
छत्तीसगढ़ स्टेट पावर ट्रांसमिशन कंपनी के प्रबंध निदेशक राजेश कुमार शुक्ला ने दोनों पावर ट्रांसफार्मरों का विधिवत ऊर्जीकरण किया। पहला ट्रांसफार्मर शाम 5:22 बजे तथा दूसरा 5:27 बजे सफलतापूर्वक चालू किया गया। इस उपलब्धि के साथ प्रदेश की पारेषण अधोसंरचना और अधिक मजबूत एवं आधुनिक हो गई है।
राजनांदगांव-दुर्ग क्षेत्र को मिलेगा सीधा लाभ
नई क्षमता जुड़ने से राजनांदगांव और दुर्ग क्षेत्र की विद्युत पारेषण व्यवस्था अधिक सुदृढ़ होगी। बढ़ती बिजली मांग के अनुरूप लोड प्रबंधन बेहतर तरीके से किया जा सकेगा तथा घरेलू, कृषि, व्यावसायिक एवं औद्योगिक उपभोक्ताओं को अधिक गुणवत्तापूर्ण और विश्वसनीय विद्युत आपूर्ति उपलब्ध होगी। साथ ही भविष्य में बढ़ने वाली मांग को भी आसानी से पूरा किया जा सकेगा।
सेमीकंडक्टर पार्क और औद्योगिक निवेश को मिलेगा बड़ा संबल
प्रबंध निदेशक राजेश कुमार शुक्ला ने बताया कि लिटिया सेमरिया उपकेंद्र से 132 केवी वोल्टेज स्तर पर राजनांदगांव जिले के पटेवा में प्रस्तावित इलेक्ट्रॉनिक मैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर (ईएमसी-2.0/सेमीकंडक्टर पार्क) तथा बिजेभाट में प्रस्तावित नए औद्योगिक क्षेत्र को गुणवत्तापूर्ण विद्युत आपूर्ति का मार्ग प्रशस्त होगा।
उन्होंने कहा कि इस परियोजना से प्रदेश में औद्योगिक निवेश को नई गति मिलेगी, रोजगार के अवसर बढ़ेंगे और उद्योगों को निर्बाध बिजली उपलब्ध होने से आर्थिक विकास को मजबूती मिलेगी।
पारेषण नेटवर्क का लगातार हो रहा विस्तार
श्री शुक्ला ने परियोजना से जुड़े सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को बधाई देते हुए कहा कि राज्य सरकार की औद्योगिक विकास की नीति के अनुरूप विद्युत पारेषण नेटवर्क का लगातार विस्तार एवं आधुनिकीकरण किया जा रहा है। लिटिया सेमरिया उपकेंद्र में बढ़ी अतिरिक्त क्षमता वर्तमान के साथ-साथ भविष्य की आवश्यकताओं को भी पूरा करने में सक्षम होगी।
इस अवसर पर कार्यपालक निदेशक (लाइन) संजय पटेल, कार्यपालक निदेशक (पीसी एंड आरए) के. एस. मिनोठिया, कार्यपालक निदेशक (ट्रांसमिशन) वी. के. दीक्षित, डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी के कार्यपालक निदेशक (ओ एंड एम) संजय आर. बी. खंडेलवाल, कार्यपालक निदेशक, दुर्ग क्षेत्र शिरीष सालेट, मुख्य अभियंता (सब-स्टेशन) अब्राहम वर्गीज, मुख्य अभियंता (परियोजना) प्रसन्ना गोसावी, अतिरिक्त मुख्य अभियंता पी. पी. सिंह, आर. के. तिवारी, आर. के. मिश्रा, अधीक्षण अभियंता करुणेश यादव, सुनील भुआर्य सहित बड़ी संख्या में अभियंता, अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।










