"हर खबर, आपकी नज़र"

kpn 24

टंट्या मामा विश्वविद्यालय में परीक्षा संकट गहराया जिला कांग्रेस अध्यक्ष ने राज्यपाल को लिखा पत्र, युवाओं के भविष्य पर जताई गंभीर चिंता

मनीष विद्यार्थी खरगोन मध्यप्रदेश 

“देश में पेपर लीक, यहां परीक्षाएं ही नहीं… सरकार युवाओं का भविष्य बर्बाद कर रही है” — रवि नाईक

KPN24.com खरगोन 14 जुलाई 2026

क्रांति सूर्य टंट्या मामा भील विश्वविद्यालय में बीए, बीएससी और बीकॉम की परीक्षाएं समय पर आयोजित नहीं होने को लेकर जिला कांग्रेस अध्यक्ष रवि नाईक ने मध्य प्रदेश के राज्यपाल को पत्र लिखकर विश्वविद्यालय की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि देश में जहां लगातार पेपर लीक की घटनाएं सामने आ रही हैं, वहीं खरगोन स्थित टंट्या मामा विश्वविद्यालय में परीक्षाएं ही नहीं हो पा रही हैं। दोनों ही परिस्थितियों में विद्यार्थियों का भविष्य दांव पर लगा हुआ है।

रवि नाईक ने कहा कि वर्ष 2024 में स्थापित क्रांति सूर्य टंट्या मामा भील विश्वविद्यालय शुरुआत से ही अव्यवस्थाओं का शिकार रहा है। स्टाफ की कमी, स्थायी भवन का अभाव, संसाधनों की कमी तथा प्रशासनिक लापरवाही के कारण हजारों छात्र-छात्राएं परेशान हैं, जबकि सरकार इस गंभीर समस्या पर मौन बनी हुई है।
उन्होंने बताया कि विश्वविद्यालय से खरगोन, बड़वानी, बुरहानपुर, अलीराजपुर और खंडवा जिलों के लगभग 22 हजार विद्यार्थी जुड़े हुए हैं। बीए, बीएससी और बीकॉम की परीक्षाएं अप्रैल माह में प्रस्तावित थीं, लेकिन अब तक न तो परीक्षाएं हुई हैं और न ही परीक्षा का समय-सारिणी जारी किया गया है। इससे विद्यार्थियों का शैक्षणिक भविष्य अधर में लटक गया है।
रवि नाईक के अनुसार विश्वविद्यालय से संबद्ध लगभग 86 महाविद्यालयों में से 55 महाविद्यालयों में स्नातक स्तर की पढ़ाई संचालित हो रही है। परीक्षा नहीं होने के कारण विद्यार्थियों को नए शैक्षणिक सत्र में प्रवेश लेने में भी गंभीर कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। छात्रों द्वारा विश्वविद्यालय प्रबंधन से लगातार संपर्क करने के बावजूद उन्हें केवल आश्वासन और टालमटोल का सामना करना पड़ रहा है।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष ने राज्यपाल से मांग की है कि विश्वविद्यालय में व्याप्त अनियमितताओं और परीक्षाओं में हुई देरी की उच्चस्तरीय जांच कराई जाए तथा दोषी अधिकारियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र ही विद्यार्थियों की समस्या का समाधान नहीं हुआ तो कांग्रेस पार्टी छात्रों के समर्थन में खरगोन में व्यापक आंदोलन शुरू करेगी।

Kpn 24
Author: Kpn 24

Leave a Comment

Read More