
तेज़ कार्रवाई से पुलिस को मिली सफलता, आरोपी न्यायिक रिमांड पर भेजा गया
KPN24.com जांजगीर-चांपा 14 जुलाई 2026
बलौदा पुलिस ने मोटरसाइकिल चोरी के मामले का महज़ 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की हीरो HF डीलक्स मोटरसाइकिल (CG 11 AU 8170) भी बरामद कर ली है। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी रमेश गोड (25 वर्ष), पिता ईतवार सिंह, निवासी बेलदियाडीह, थाना बलौदा है।
क्या था मामला?
प्रार्थी ने 13 जुलाई 2026 को थाना बलौदा में रिपोर्ट दर्ज कराई कि 11 जुलाई की रात लगभग 9:30 बजे उसने अपनी हीरो HF डीलक्स मोटरसाइकिल जीडी कॉलोनी स्थित तहसीलदार क्वार्टर के सामने लॉक कर खड़ी की थी। अगले दिन सुबह करीब 6 बजे वाहन गायब मिला। काफी तलाश के बाद भी कोई सुराग नहीं मिलने पर पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई।
शिकायत के आधार पर थाना बलौदा में अपराध क्रमांक 337/2026 के तहत धारा 303(2) भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) में मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
24 घंटे में पुलिस ने किया खुलासा
थाना क्षेत्र में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कुमार कश्यप के मार्गदर्शन में विशेष टीम गठित की गई।
जांच के दौरान पुलिस ने संदेह के आधार पर रमेश गोड के घर घेराबंदी कर दबिश दी। पूछताछ में आरोपी ने मोटरसाइकिल चोरी की वारदात स्वीकार कर ली। इसके बाद पुलिस ने चोरी की बाइक बरामद कर आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया।
इन पुलिसकर्मियों की रही सराहनीय भूमिका
इस कार्रवाई में निरीक्षक मनोहर सिन्हा, प्रधान आरक्षक नवीन सिंह क्षत्रिय, आरक्षक रज्जू रात्रे, संतोष रात्रे तथा संदीप सोनंत का उल्लेखनीय योगदान रहा।










