
KPN24.com जांजगीर-चांपा 15 जुलाई2026
प्रगतिशील छत्तीसगढ़ सतनामी समाज की बम्हनीडीह ब्लॉक इकाई का निर्वाचन सतनाम भवन, बिर्रा में लोकतांत्रिक एवं शांतिपूर्ण वातावरण में सम्पन्न हुआ। मतदान में समाज के सदस्यों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपने मताधिकार का प्रयोग किया। अध्यक्ष पद पर रम्हैया खुंटे ने 20 मतों के अंतर से जीत दर्ज की, जबकि सचिव पद पर जगदीश प्रसाद बंजारे 24 मतों से विजयी घोषित किए गए।
निर्वाचन प्रक्रिया प्रदेश उपाध्यक्ष एवं निर्वाचन अधिकारी दिनेश लाल जांगड़े की देखरेख में सम्पन्न हुई। इस दौरान प्रदेश कार्यसमिति सदस्य यादराम हिरवानी एवं श्यामलाल सितारे, जिला अध्यक्ष भूषण खटकर सहित समाज के अनेक पदाधिकारी उपस्थित रहे।
अध्यक्ष पद के लिए रम्हैया खुंटे (चुनाव चिन्ह – टेबल पंखा) और राजेंद्र आजाद (चुनाव चिन्ह – ट्यूब लाइट) के बीच मुकाबला हुआ। मतगणना में रम्हैया खुंटे को 75 मत, जबकि राजेंद्र आजाद को 55 मत प्राप्त हुए। इस तरह रम्हैया खुंटे ने 20 मतों से विजय हासिल कर ब्लॉक अध्यक्ष पद पर कब्जा जमाया।
सचिव पद के चुनाव में जगदीश प्रसाद बंजारे (चुनाव चिन्ह – कलम) को 77 मत मिले, जबकि ललित राम मनहर (चुनाव चिन्ह – दवात) को 53 मत प्राप्त हुए। जगदीश प्रसाद बंजारे ने 24 मतों के अंतर से जीत दर्ज कर सचिव पद हासिल किया।
निर्वाचन में कुल 174 मतदाता थे, जिनमें से 132 मत पड़े। एक मत निरस्त होने के बाद शेष मतों की गणना कर परिणाम घोषित किए गए।
निर्वाचन को शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न कराने में जिला उपाध्यक्ष प्यारेलाल जांगड़े, जिला कार्यकारिणी सदस्य अशोक जांगड़े सहित समाज के पदाधिकारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। बिर्रा, तालदेवरी, सोनादह, बनडभरा, सेमरिया, बंसुला, देवरानी, सिलादेही, बोरसी, नकटीडीह, रीवाडीह, रोहदा, कपिस्दा एवं पचोरी सहित विभिन्न गांवों के मतदाताओं ने मतदान में भाग लिया।
निर्वाचन प्रक्रिया के तहत अन्य पदों पर सर्वसम्मति से निर्विरोध निर्वाचन भी हुआ। इनमें पूर्णिमा टंडन (महिला उपाध्यक्ष), देवप्रसाद भारद्वाज (कोषाध्यक्ष), चंदराम चंद्रभाष (सह सचिव), विनोद खुंटे (मीडिया प्रभारी) तथा रथराम कोशले (प्रवक्ता) निर्विरोध चुने गए।
समारोह में बेदराम खुंटे, हीराराम बंजारे, मयाराम बंजारे, चंदराम टंडन, श्यामलाल मनहर, हीरालाल बघेल सहित बड़ी संख्या में समाजजन उपस्थित रहे। चुनाव सम्पन्न होने के बाद विजयी प्रत्याशियों का समर्थकों ने पुष्पमालाओं से स्वागत कर उन्हें शुभकामनाएं दीं।










