"हर खबर, आपकी नज़र"

kpn 24

क्रांति सूर्य टंट्या मामा भील विश्वविद्यालय की लापरवाही पर फूटा छात्रों का गुस्सा, हजारों विद्यार्थियों का भविष्य संकट में; NSUI ने राज्यपाल के नाम सौंपा ज्ञापन

मनीष विद्यार्थी खरगोन मध्यप्रदेश 

KPN24.com खरगोन 16 जुलाई 2026

क्रांति सूर्य टंट्या मामा भील विश्वविद्यालय की कथित लापरवाही और परीक्षाओं में लगातार हो रही देरी को लेकर छात्रों का आक्रोश अब खुलकर सामने आ गया है। राष्ट्रीय छात्र संगठन (NSUI) एवं युवक कांग्रेस, जिला खरगोन ने बुधवार को कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर महामहिम राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपा और विश्वविद्यालय प्रशासन के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।

NSUI ने आरोप लगाया कि विश्वविद्यालय की अव्यवस्थित कार्यप्रणाली के कारण बीए, बीकॉम, बीएससी सहित स्नातक एवं स्नातकोत्तर पाठ्यक्रमों की परीक्षाएं अब तक आयोजित नहीं हो सकी हैं। अप्रैल माह में प्रस्तावित परीक्षाएं आज तक शुरू नहीं हुईं और विश्वविद्यालय परीक्षा का समय-सारिणी जारी करने में भी विफल रहा है।
संगठन का कहना है कि इस लापरवाही का सीधा असर खरगोन, बड़वानी, बुरहानपुर, अलीराजपुर एवं खंडवा जिले के हजारों विद्यार्थियों पर पड़ रहा है। परीक्षा में देरी के कारण विद्यार्थियों का शैक्षणिक सत्र प्रभावित हो रहा है, वहीं उच्च शिक्षा में प्रवेश और रोजगार के अवसर भी संकट में पड़ गए हैं।
विश्वविद्यालय प्रशासन पर गंभीर आरोप
ज्ञापन में NSUI ने विश्वविद्यालय प्रशासन पर लापरवाही, संसाधनों की कमी और अव्यवस्थित कार्यप्रणाली का आरोप लगाते हुए कहा कि छात्र लगातार मानसिक तनाव और शैक्षणिक असमंजस की स्थिति से गुजर रहे हैं। संगठन ने मांग की कि पूरे मामले की उच्च स्तरीय जांच कर दोषी अधिकारियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाए तथा तत्काल परीक्षा कार्यक्रम घोषित कर विद्यार्थियों के हितों की रक्षा सुनिश्चित की जाए।
आंदोलन की चेतावनी
NSUI और युवक कांग्रेस ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र समाधान नहीं किया गया तो विद्यार्थियों के हित में चरणबद्ध आंदोलन शुरू किया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी विश्वविद्यालय प्रशासन की होगी।
ज्ञापन सौंपने के दौरान निलेश सागोरे, सिद्धार्थ वर्मा, नोबल कुशवाह, आवेश खान, विशाल वर्मा, सतीश रावल सहित NSUI एवं युवक कांग्रेस के अनेक पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Kpn 24
Author: Kpn 24

Leave a Comment

Read More