
KPN24.com रायपुर 16 जुलाई 2026
छत्तीसगढ़ के विद्युत पारेषण तंत्र को बड़ी मजबूती देते हुए छत्तीसगढ़ स्टेट पावर ट्रांसमिशन कंपनी ने एक ही दिन में तीन महत्वपूर्ण पारेषण परियोजनाओं का सफलतापूर्वक ऊर्जीकरण एवं चालूकरण कर नया कीर्तिमान स्थापित किया है। 132 केवी लाइनों एवं उनसे संबंधित लाइन-बे के सफल संचालन से प्रदेश में विद्युत आपूर्ति की क्षमता, विश्वसनीयता और गुणवत्ता में उल्लेखनीय सुधार होगा।
इस महत्वपूर्ण उपलब्धि पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय तथा पावर कंपनीज़ के अध्यक्ष सुबोध सिंह ने पूरी टीम को बधाई देते हुए इसे प्रदेश के ऊर्जा क्षेत्र के लिए बड़ी उपलब्धि बताया।
अहिवारा परियोजना हुई ऊर्जीकृत
पहली परियोजना के तहत निर्माणाधीन 220/132/33 केवी उपकेंद्र, अहिवारा में 132 केवी भिलाई–बेरला परिपथ के एलआईएलओ कार्य को सफलतापूर्वक पूरा किया गया। लगभग 7.38 किलोमीटर (14.76 सर्किट किलोमीटर) लंबी लाइन को 15 जुलाई की शाम 6:53 बजे लूप मोड में ऊर्जीकृत किया गया।
अमलेश्वर उपकेंद्र को मिली नई ऊर्जा
दूसरी परियोजना के अंतर्गत 132/33 केवी उपकेंद्र, अमलेश्वर में 132 केवी डोमा–पाटन परिपथ-2 के एलआईएलओ कार्य पूर्ण किए गए। इसके तहत 132 केवी डोमा बे को शाम 6:44 बजे ऊर्जीकृत किया गया तथा लगभग 9.68 किलोमीटर लंबाई के डोमा–अमलेश्वर एवं अमलेश्वर–पाटन परिपथों को भी सफलतापूर्वक चालू किया गया।
रसमड़ा से जेडी इस्पात को मिली 132 केवी विद्युत आपूर्ति
तीसरी परियोजना के तहत 132/33 केवी उपकेंद्र, रसमड़ा से एम/एस जेडी इस्पात को 132 केवी वोल्टेज स्तर पर विद्युत आपूर्ति प्रारंभ कर दी गई। इसके लिए संबंधित लाइन-बे तथा लगभग 1.60 किलोमीटर लंबी रसमड़ा–जेडी इस्पात पारेषण लाइन को शाम 7:11 बजे सफलतापूर्वक ऊर्जीकृत किया गया।
बढ़ेगी क्षमता, उद्योगों को मिलेगा बड़ा लाभ
पावर ट्रांसमिशन कंपनी के प्रबंध निदेशक राजेश कुमार शुक्ला ने कहा कि तीनों परियोजनाओं के पूरा होने से प्रदेश के विद्युत पारेषण तंत्र की क्षमता और विश्वसनीयता में उल्लेखनीय वृद्धि होगी। इससे औद्योगिक इकाइयों सहित सभी उपभोक्ताओं को सुरक्षित, गुणवत्तापूर्ण और निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने में बड़ी मदद मिलेगी।
उन्होंने कहा कि समयबद्ध तरीके से इन परियोजनाओं का सफल क्रियान्वयन राज्य के ऊर्जा ढांचे को आधुनिक और सशक्त बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि है। कंपनी भविष्य में भी अत्याधुनिक तकनीकों और बेहतर योजना के माध्यम से उपभोक्ताओं को भरोसेमंद विद्युत सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।
अधिकारियों की टीम ने निभाई अहम भूमिका
परियोजनाओं के सफल क्रियान्वयन में कार्यपालक निदेशक (लाइन) संजय पटेल, अतिरिक्त मुख्य अभियंता पी. पी. सिंह, अधीक्षण अभियंता सुनील भुआर्य, कार्यपालन अभियंता एम. आर. शेरके, कार्यपालन अभियंता हेमंत वरंगे, सहायक अभियंता प्रवीण कुमार शुक्ला, सहायक अभियंता एस. पी. मंडावी तथा कनिष्ठ अभियंता शोएब अहमद सहित अधिकारियों एवं कर्मचारियों की टीम ने महत्वपूर्ण योगदान दिया।










