"हर खबर, आपकी नज़र"

kpn 24

ऑनलाइन सट्टे के नेटवर्क पर पुलिस का बड़ा प्रहार, दो आरोपी गिरफ्तार

सायबर थाना और चांपा पुलिस की संयुक्त कार्रवाई, तीन मोबाइल और नकदी जब्त

KPN24.com जांजगीर-चांपा 16 जुलाई 2026

जिले में ऑनलाइन सट्टे के अवैध कारोबार पर लगाम कसते हुए सायबर थाना एवं चांपा पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से तीन मोबाइल फोन और 1,000 रुपये नकद बरामद किए हैं। दोनों के विरुद्ध छत्तीसगढ़ जुआ (प्रतिषेध) अधिनियम की धारा 7 के तहत मामला दर्ज कर न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

पुलिस के अनुसार, सूचना मिली थी कि चांपा क्षेत्र में मोबाइल के माध्यम से ऑनलाइन अंकों पर हार-जीत का दांव लगाकर सट्टा संचालित किया जा रहा है। सूचना मिलते ही सायबर थाना और चांपा पुलिस की टीम ने संजय नगर वार्ड में दबिश दी।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने उत्तम देवांगन (35 वर्ष), निवासी संजय नगर, चांपा को संदिग्ध अवस्था में मोबाइल के साथ पकड़ा। पूछताछ और मेमोरेण्डम के दौरान उसने बताया कि वह अपने रिश्तेदार किशन देवांगन (36 वर्ष), निवासी स्टेशन रोड, सक्ती के माध्यम से ऑनलाइन सट्टा संचालित कर रहा था। पुलिस द्वारा वैध दस्तावेज मांगने पर आरोपी कोई संतोषजनक दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके।
पुलिस ने मौके से तीन मोबाइल फोन और 1,000 रुपये नकद जब्त कर दोनों आरोपियों के विरुद्ध अपराध क्रमांक 387/2026 के तहत छत्तीसगढ़ जुआ (प्रतिषेध) अधिनियम की धारा 7 में अपराध पंजीबद्ध किया। इसके बाद दोनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
इन अधिकारियों की रही अहम भूमिका
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी चांपा निरीक्षक अशोक वैष्णव, सायबर थाना प्रभारी निरीक्षक भास्कर शर्मा, उप निरीक्षक विवेक कुमार सिंह, प्रधान आरक्षक राजकुमार चंद्रा, आरक्षक विवेक सिंह, आरक्षक माखन लाल साहू, आरक्षक शहबाईं अहमद तथा उप निरीक्षक सत्यम चौहान की सराहनीय भूमिका रही।

Kpn 24
Author: Kpn 24

Leave a Comment

Read More