"हर खबर, आपकी नज़र"

kpn 24

मिस छत्तीसगढ़ बनीं केरा की बेटी अपर्णा आदित्य का ऐतिहासिक स्वागत, पूरे गांव ने बेटी की सफलता पर मनाया जश्न

KPN24.com जांजगीर-चांपा 17 जुलाई 2026

नवागढ़ विकासखंड की आदर्श ग्राम पंचायत केरा की होनहार बेटी अपर्णा आदित्य के मिस छत्तीसगढ़ का प्रतिष्ठित खिताब जीतकर अपने गांव लौटने पर पूरे क्षेत्र में उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला। गांववासियों ने अपनी बेटी की इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर गर्व व्यक्त करते हुए फूल-मालाओं, आरती, ढोल-नगाड़ों और आतिशबाजी के साथ भव्य स्वागत किया।

अपर्णा की सफलता से माता श्रीमती माधुरी आदित्य और पिता नरेश आदित्य की खुशी देखते ही बन रही थी। गांव में उनके प्रथम आगमन पर ग्राम पंचायत की महिला प्रतिनिधियों, परिजनों एवं ग्रामीणों ने आत्मीय स्वागत करते हुए पुष्पमालाएं पहनाईं, तिलक लगाकर आरती उतारी और मिठाई खिलाकर शुभकामनाएं दीं। पूरे गांव में ढोल-नगाड़ों की गूंज और पटाखों की आवाज के बीच उत्साह का अनूठा नजारा देखने को मिला।
नीले रंग की साड़ी और मिस छत्तीसगढ़ के सैश में सजी अपर्णा आदित्य स्वागत से अभिभूत और भावुक नजर आईं। उन्होंने कहा कि यह सम्मान केवल उनका नहीं, बल्कि पूरे क्षेत्र, गांव और छत्तीसगढ़ की हर बेटी का सम्मान है। उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता, परिवार, गुरुजनों और शुभचिंतकों को देते हुए कहा कि बेटियों को अवसर और विश्वास मिले तो वे हर मुकाम हासिल कर सकती हैं।
ग्राम पंचायत की महिला प्रतिनिधियों ने कहा कि अपर्णा ने अपनी मेहनत, लगन और आत्मविश्वास के दम पर यह साबित कर दिया है कि ग्रामीण क्षेत्र की बेटियां भी बड़े सपनों को साकार कर सकती हैं। उनकी उपलब्धि क्षेत्र की हजारों बेटियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगी।
ग्रामीणों और समाज के लोगों ने अपर्णा को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उनकी यह सफलता पूरे गांव के लिए गौरव का विषय है। लोगों ने भावुक शब्दों में कहा—
“जरूरी नहीं कि रोशनी सिर्फ चिरागों से हो, बेटियां भी अपने परिवार, गांव और समाज का नाम रोशन करती हैं।”
अपर्णा आदित्य की इस उपलब्धि ने केरा गांव ही नहीं, पूरे क्षेत्र को गौरवान्वित किया है और आने वाली पीढ़ियों के लिए एक नई प्रेरणा स्थापित की है।

Kpn 24
Author: Kpn 24

Leave a Comment

Read More