"हर खबर, आपकी नज़र"

kpn 24

70 साल पुरानी जमीन पर फर्जीवाड़े का बड़ा खेल! 19 लाख के फर्जी चेक से करोड़ों की जमीन हड़पने की साजिश बेनकाब

फर्जी मुख्तियारनामा, राजस्व रिकॉर्ड में छेड़छाड़ कर 5 डिसमिल जमीन की करा दी रजिस्ट्री, चांपा पुलिस ने दर्ज किया धोखाधड़ी का मामला

KPN24.com जांजगीर-चांपा 18 जुलाई 2026

थाना चांपा पुलिस ने करीब 70 साल पुरानी जमीन पर हुए बड़े फर्जीवाड़े का खुलासा करते हुए धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया है। आरोप है कि राजस्व रिकॉर्ड में छेड़छाड़, फर्जी दस्तावेज और मुख्तियारनामा के जरिए करोड़ों रुपये मूल्य की जमीन हड़पने की साजिश रची गई। मामले में पुलिस ने संदीप ठाकुर, संतोष यादव सहित अन्य आरोपियों के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, चांपा निवासी पुरुषोत्तम सोनी ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उनके दादा गोकुल सोनी के नाम ग्राम चांपा स्थित खसरा नंबर 958 की 5 डिसमिल भूमि वर्ष 1954-55 से राजस्व अभिलेखों में दर्ज थी। लेकिन वर्ष 1985-86 में तहसील कार्यालय के कुछ अधिकारियों-कर्मचारियों की मिलीभगत से रिकॉर्ड में कथित छेड़छाड़ कर उक्त जमीन को गोकुल भोई, निवासी मल्दामाल (जिला महासमुंद) के नाम दर्ज कर दिया गया।
झांसा देकर कराया मुख्तियारनामा
जांच में सामने आया कि नवंबर-दिसंबर 2025 में संतोष यादव और संदीप ठाकुर महासमुंद पहुंचकर गोकुल भोई को यह कहकर झांसे में ले गए कि चांपा में उनकी 15 डिसमिल जमीन है और उसके बदले 19 लाख रुपये दिए जाएंगे। गोकुल भोई के इनकार के बावजूद आरोपियों ने उसे 12 जनवरी 2026 को सारंगढ़ उप पंजीयक कार्यालय ले जाकर कथित रूप से मुख्तियारनामा तैयार करा लिया।
इसके बाद 19 फरवरी 2026 को मुख्तियारनामा के आधार पर संतोष यादव ने उक्त भूमि की रजिस्ट्री संदीप ठाकुर के नाम 77.79 लाख रुपये में करा दी। बदले में गोकुल भोई को 19.22 लाख रुपये का एचडीएफसी बैंक का चेक दिया गया, लेकिन वह चेक बैंक से भुगतान योग्य नहीं निकला।
जांच में सामने आए चौंकाने वाले तथ्य
पुलिस और राजस्व जांच में कई गंभीर अनियमितताएं सामने आईं—
गोकुल भोई ने पूछताछ में स्पष्ट कहा कि वह कभी चांपा नहीं गया और वहां उसकी कोई जमीन नहीं है।
उप पंजीयक कार्यालय में प्रस्तुत आधार और पैन कार्ड में जन्मतिथि से कथित छेड़छाड़ कर 01.01.1961 की जगह 01.01.1948 दर्ज की गई।
एसडीएम (राजस्व) चांपा की जांच में वर्ष 1957-58 के राजस्व रिकॉर्ड में कटिंग और ओवरराइटिंग कर फर्जी प्रविष्टि दर्ज किए जाने की पुष्टि हुई।
धोखाधड़ी का अपराध दर्ज, जांच जारी
प्रारंभिक जांच में फर्जी दस्तावेज तैयार कर छल-कपट और धोखाधड़ी के जरिए संपत्ति हड़पने के पर्याप्त आधार मिलने पर थाना चांपा पुलिस ने संदीप ठाकुर, संतोष यादव एवं अन्य आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी सहित विभिन्न धाराओं में अपराध दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की गहन विवेचना जारी है और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Kpn 24
Author: Kpn 24

Leave a Comment

Read More