"हर खबर, आपकी नज़र"

kpn 24

जेएसडब्ल्यू प्लांट में 2 लाख की कॉपर प्लेट चोरी का पर्दाफाश, इलेक्ट्रिशियन निकला मास्टरमाइंड

KPN24.com जांजगीर-चांपा 20 जुलाई 2026

जिले की अकलतरा थाना पुलिस ने जेएसडब्ल्यू प्लांट से करीब 2 लाख रुपये मूल्य की कॉपर प्लेट चोरी के मामले का सफल खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी प्लांट में इलेक्ट्रिशियन के पद पर कार्यरत था। पुलिस ने उसके कब्जे से 38 नग छोटे-बड़े कॉपर प्लेट के टुकड़े बरामद किए हैं। मामले में शामिल तीन अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है।

पुलिस के अनुसार, जेएसडब्ल्यू तरौद स्थित प्लांट के सुरक्षा अधिकारी अखिलेश राय ने थाना अकलतरा में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि नियमित पेट्रोलिंग के दौरान कुछ संदिग्ध लोग प्लांट परिसर से सामान बाहर ले जाते दिखाई दिए। सुरक्षा कर्मियों को देखते ही तीन-चार लोग भागने लगे, लेकिन एक व्यक्ति को मौके पर ही पकड़ लिया गया।
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम जलेश्वर प्रसाद केवट (30 वर्ष) निवासी बनाहिल, थाना अकलतरा, जिला जांजगीर-चांपा बताया। वह जेएसडब्ल्यू प्लांट में इलेक्ट्रिशियन के रूप में कार्यरत है।
आरोपी के पास मौजूद चार काले बैगों की तलाशी लेने पर उनमें 38 नग छोटे-बड़े कॉपर प्लेट के टुकड़े मिले, जिनकी अनुमानित कीमत लगभग 2 लाख रुपये आंकी गई है।
सूचना मिलते ही थाना अकलतरा पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में उसने अपने तीन अन्य साथियों के साथ मिलकर चोरी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया। इसके बाद पुलिस ने उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया। फरार आरोपियों की तलाश और मामले की विस्तृत विवेचना जारी है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक भास्कर शर्मा तथा प्रधान आरक्षक रेमन सिंह राजपूत की सराहनीय भूमिका रही।

Kpn 24
Author: Kpn 24

Leave a Comment

Read More