
चांपा पुलिस की त्वरित कार्रवाई, 52 वर्षीय आरोपी न्यायिक अभिरक्षा में भेजा गया
KPN24.com जांजगीर-चांपा 24 जुलाई 2026
मोबाइल पर बातचीत के जरिए दोस्ती और फिर प्रेम का झांसा देकर युवती को अपने जाल में फंसाने तथा सुनसान स्थान पर ले जाकर अनाचार करने के आरोप में चांपा पुलिस ने 52 वर्षीय आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी पर आपत्तिजनक वीडियो बनाए जाने का आरोप भी है। त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पीड़िता ने थाना चांपा में शिकायत दर्ज कराई थी कि आरोपी कृष्ण राई, पिता स्वर्गीय आर.पी. राई, उम्र 52 वर्ष, निवासी सीएसईबी कॉलोनी चांपा ने मोबाइल पर बातचीत के जरिए पहले उससे दोस्ती की और बाद में प्रेम के जाल में फंसा लिया। आरोप है कि इसके बाद आरोपी पीड़िता को सुनसान स्थान पर ले गया, जहां उसके साथ अनाचार किया और आपत्तिजनक वीडियो भी बना लिया।
पीड़िता की रिपोर्ट पर थाना चांपा में अपराध क्रमांक 400/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 69 में मामला दर्ज कर पुलिस ने विवेचना शुरू की।
विवेचना के दौरान पुलिस को मिली मुखबिर सूचना के आधार पर आरोपी कृष्ण राई को हिरासत में लिया गया। पुलिस के अनुसार पूछताछ के दौरान आरोपी द्वारा अपराध स्वीकार किए जाने के बाद उसे विधिवत गिरफ्तार किया गया और न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।
चांपा पुलिस की त्वरित कार्रवाई
मामले में पुलिस की त्वरित कार्रवाई से आरोपी को जल्द ही गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया गया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि महिला संबंधी अपराधों में पुलिस द्वारा गंभीरता से कार्रवाई की जा रही है और पीड़ितों को शीघ्र न्याय दिलाने के लिए विवेचना को प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ाया जा रहा है।
इनकी रही सराहनीय भूमिका
पूरी कार्रवाई में निरीक्षक अशोक वैष्णव, उपनिरीक्षक सत्यम चौहान, आर. गौरीशंकर राय, ईश्वरी राठौर, मुद्रिका दुबे सहित थाना चांपा पुलिस स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।










