
सर्वसम्मति से हुआ निर्वाचन, नवनिर्वाचित पदाधिकारियों ने विद्यालय के सर्वांगीण विकास का लिया संकल्प
KPN24.com जांजगीर-चांपा 27 जुलाई 2026
मां दाई शिक्षण समिति बम्हनीडीह द्वारा संचालित हायर सेकेंडरी सरस्वती शिशु मंदिर, बम्हनीडीह में समिति के निर्वाचन की प्रक्रिया शांतिपूर्ण एवं सर्वसम्मति से संपन्न हुई। निर्वाचन कार्यक्रम में ग्राम भारती, जिला जांजगीर-चांपा के सचिव देवप्रसाद तिवारी एवं समन्वयक नवल किशोर तिवारी की विशेष उपस्थिति रही।
निर्वाचन के दौरान हरीराम जायसवाल को समिति का अध्यक्ष, अयोध्या डडसेना को उपाध्यक्ष, शिव कुमार जायसवाल को सचिव, जितेन्द्र डडसेना को सहसचिव तथा फुटबाल डडसेना को कोषाध्यक्ष निर्वाचित किया गया। वहीं कार्यकारिणी सदस्य के रूप में भानु डडसेना, रमेश डडसेना, सोनचरण डडसेना, तुलसी जायसवाल एवं दशरथ साहू को निर्विरोध चुना गया।
निर्वाचन कार्यक्रम में समिति के सभी सदस्य, विद्यालय के प्राचार्य एवं शिक्षकगण उपस्थित रहे। नवनिर्वाचित अध्यक्ष हरीराम जायसवाल ने सभी सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि विद्यालय में शिक्षा की गुणवत्ता को बेहतर बनाने, अनुशासन को मजबूत करने तथा विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए प्राथमिकता के साथ कार्य किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि समिति के सभी सदस्यों के सहयोग और सुझावों के साथ विद्यालय के सर्वांगीण विकास एवं प्रगति के लिए निरंतर प्रयास किया जाएगा। उनके इस संकल्प का उपस्थित सदस्यों एवं विद्यालय परिवार ने स्वागत करते हुए नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं और उनके सफल कार्यकाल की कामना की।










