
जांजगीर-चांपा पुलिस ने आरोपी की तलाश तेज की, देश से बाहर भागने के रास्तों पर भी निगरानी
KPN24.com जांजगीर-चांपा 27 जुलाई 2026
शेयर ट्रेडिंग में निवेश कर कम समय में भारी मुनाफा कमाने का झांसा देकर लोगों से करोड़ों रुपये की कथित धोखाधड़ी करने के मामले में फरार आरोपी पीयूष जायसवाल के खिलाफ अब लुक आउट सर्कुलर (LOC) जारी किया गया है। भारत सरकार के गृह मंत्रालय, नई दिल्ली के माध्यम से जारी इस सर्कुलर के बाद आरोपी के देश से बाहर जाने की संभावनाओं पर भी निगरानी बढ़ा दी गई है।
पुलिस के अनुसार, 21 वर्षीय पीयूष जायसवाल, पिता पारेश्वर जायसवाल, निवासी ग्राम पोडीशंकर, थाना बम्हनीडीह, जिला जांजगीर-चांपा पर बम्हनीडीह, चांपा, कोरबा समेत जिले के विभिन्न क्षेत्रों के लोगों को शेयर ट्रेडिंग में अधिक लाभ का लालच देकर बड़ी रकम जुटाने और करोड़ों रुपये की धोखाधड़ी करने का आरोप है।
कई मामलों में दर्ज है अपराध
आरोपी के विरुद्ध थाना बम्हनीडीह में अपराध क्रमांक 87/2024 के तहत धारा 420, 406, 34 भारतीय दंड संहिता तथा थाना चांपा में अपराध क्रमांक 152/2025 के तहत धारा 318(4), 316(2), 111(1), 3(5) भारतीय न्याय संहिता के अंतर्गत प्रकरण दर्ज किए गए थे।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में अभियोग पत्र प्रस्तुत किया गया था, लेकिन इसके बाद से वह न्यायालय में लगातार अनुपस्थित है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए थाना चांपा प्रकरण में स्थायी गिरफ्तारी वारंट तथा थाना बम्हनीडीह प्रकरण में गिरफ्तारी वारंट जारी किया जा चुका है।
इसके अलावा बिलासपुर न्यायालय में परक्राम्य लिखत अधिनियम की धारा 138 से संबंधित प्रकरण तथा कोरबा न्यायालय में प्रकरण क्रमांक 5341, 5340, 5339 एवं 5342 में भी गिरफ्तारी वारंट जारी होने की जानकारी पुलिस ने दी है।
एयरपोर्ट और अंतरराष्ट्रीय सीमाओं पर भी निगरानी
आरोपी के लगातार फरार रहने और न्यायालय में उपस्थित नहीं होने के चलते उसके खिलाफ लुक आउट सर्कुलर जारी किया गया है। इसके माध्यम से देश के विभिन्न हवाई अड्डों, बंदरगाहों और अंतरराष्ट्रीय सीमा क्षेत्रों से उसके आवागमन पर निगरानी रखी जा सकेगी। वहीं, जांजगीर-चांपा पुलिस की टीमें आरोपी की लगातार पतासाजी में जुटी हुई हैं।
पुलिस की आम लोगों से अपील
यदि किसी व्यक्ति को फरार आरोपी पीयूष जायसवाल के संबंध में कोई भी जानकारी मिलती है, तो तत्काल पुलिस को सूचना दें।
📞 पुलिस नियंत्रण कक्ष, जांजगीर: 94791-93199
📞 थाना चांपा प्रभारी: 79874-60292
सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।
पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि आरोपी के संबंध में किसी भी प्रकार की जानकारी मिलने पर बिना देरी किए पुलिस को सूचित करें।










