"हर खबर, आपकी नज़र"

kpn 24

आस्था की कावड़ में गूंजेगा पत्रकार एकता का संदेश, 24 अगस्त को निकलेगी भव्य कावड़ यात्रा

मनीष विद्यार्थी खरगोन मध्यप्रदेश 

श्री सिद्धनाथ महादेव मंदिर से श्री मेलडेरेश्वर महादेव मंदिर तक निकलेगी पत्रकार एकता कावड़ यात्रा, देश में सुख-समृद्धि और अच्छी बारिश की होगी कामना

KPN24.com खरगोन 04 अगस्त 2026

पवित्र श्रावण मास के अवसर पर पत्रकार एकता और धार्मिक आस्था का अनूठा संगम एक बार फिर देखने को मिलेगा। पत्रकार एकता कावड़ यात्रा लगातार चौथे वर्ष 24 अगस्त, चतुर्थ श्रावण सोमवार को भव्य स्वरूप में निकाली जाएगी। नगर के समस्त पत्रकार सुबह 10 बजे भावसार मोहल्ला स्थित श्री सिद्धनाथ महादेव मंदिर पहुंचेंगे, जहां भगवान सिद्धनाथ महादेव की पूजा-अर्चना एवं अभिषेक के बाद कावड़ में गंगाजल भरकर यात्रा का शुभारंभ किया जाएगा।

यात्रा नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए कसरावद रोड स्थित श्री मेलडेरेश्वर महादेव मंदिर पहुंचेगी। यहां भगवान मेलडेरेश्वर महादेव का पूजन-अर्चन कर कावड़ में लाए गए गंगाजल से जलाभिषेक किया जाएगा। इसी के साथ यात्रा का विधिवत समापन होगा। इस अवसर पर देश में खुशहाली, सुख-समृद्धि, आपसी सद्भाव और अच्छी बारिश की कामना की जाएगी।
बैठक में तय हुई कावड़ यात्रा की रूपरेखा
पत्रकार एकता कावड़ यात्रा की तैयारियों को लेकर सोमवार को स्थानीय गायत्री मंदिर सभागार में बैठक आयोजित की गई। बैठक में यात्रा की व्यवस्थाओं और रूपरेखा को लेकर विस्तार से चर्चा कर आवश्यक निर्णय लिए गए। यात्रा के दौरान विभिन्न स्थानों पर सामाजिक, धार्मिक, राजनीतिक एवं सेवाभावी संगठनों द्वारा कावड़ यात्रियों का स्वागत किया जाएगा।
यह रहेगा कावड़ यात्रा का मार्ग
पत्रकार एकता कावड़ यात्रा श्री सिद्धनाथ महादेव मंदिर से प्रारंभ होकर झंडा चौक, सराफा बाजार, गुरु नानकदेव चौराहा, एमजी रोड, श्रीकृष्ण टॉकीज चौराहा, बिस्टान रोड तिराहा, बस स्टैंड, गजानंद सोनी तिराहा, फव्वारा चौक और टीआईटी कॉम्प्लेक्स होते हुए पुनः श्रीकृष्ण टॉकीज तिराहा पहुंचेगी।
इसके बाद यात्रा जवाहर मार्ग, राधा वल्लभ मार्केट, आरती टॉकीज, डायवर्शन रोड, महाराणा प्रताप चौक, नवग्रह पुल, कलेक्टोरेट, सुखपुरी और मनीष मार्केट होते हुए कसरावद रोड स्थित श्री मेलडेरेश्वर महादेव मंदिर पहुंचेगी।
श्रावण की भक्ति और पत्रकार एकता के इस संगम को लेकर पत्रकारों में उत्साह का माहौल है। 24 अगस्त को नगर की सड़कों पर हर-हर महादेव के जयघोष के साथ निकलने वाली यह कावड़ यात्रा धार्मिक आस्था के साथ सामाजिक एकता का संदेश भी देगी।

Kpn 24
Author: Kpn 24

Leave a Comment

Read More