
प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय के अतिथियों ने दिया सकारात्मक सोच, राजयोग और आत्मअनुशासन का संदेश
KPN24.com सक्ती 08 अगस्त 2026
संस्कार पब्लिक स्कूल, सक्ती के सभागार में शुक्रवार को नशामुक्ति एवं योगमुद्रा आधारित प्रेरणादायी जागरूकता सत्र का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को नशे के दुष्परिणामों से अवगत कराने के साथ ही योग, ध्यान, आत्मअनुशासन और सकारात्मक जीवनशैली के प्रति जागरूक करना रहा।
कार्यक्रम में प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय, सक्ती की संचालिका बी.के. तुलसी दीदी एवं विशिष्ट अतिथि बी.के. पुष्पलता दीदी ने विद्यार्थियों को संबोधित किया। उन्होंने नशामुक्त जीवन, राजयोग ध्यान, योग एवं नैतिक मूल्यों के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि नशा केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को ही नुकसान नहीं पहुंचाता, बल्कि परिवार और पूरे समाज को प्रभावित करता है। युवा पीढ़ी को नशे से दूर रहकर स्वस्थ, अनुशासित और संस्कारित जीवन अपनाना चाहिए।
अतिथियों ने नियमित योग, ध्यान और सकारात्मक चिंतन को तनावमुक्त एवं सफल जीवन की मजबूत आधारशिला बताया। विद्यार्थियों ने भी पूरे उत्साह और एकाग्रता के साथ कार्यक्रम में सहभागिता करते हुए नशामुक्त समाज के निर्माण में अपनी सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में बी.के. राजेश देवांगन, बी.के. राजा भाई, विद्यालय के प्राचार्य वी.के. मिश्रा सहित शिक्षक एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे। विद्यालय परिवार की ओर से सभी अतिथियों का पुष्पगुच्छ भेंट कर आत्मीय स्वागत किया गया।
विद्यालय के प्राचार्य वी.के. मिश्रा ने स्वागत भाषण में कहा कि विद्यार्थियों को नशामुक्ति और योगमुद्रा के महत्व का संदेश देने के लिए सम्मानित अतिथियों एवं वक्ताओं की उपस्थिति विद्यालय परिवार के लिए सौभाग्य की बात है।
कार्यक्रम का संचालन शिक्षक योगेन्द्र वैष्णव ने किया, जबकि शिक्षक श्री कोमल कुमार पटेल ने अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इस तरह के प्रेरणादायी आयोजन विद्यार्थियों में नैतिक मूल्यों, सकारात्मक सोच और स्वस्थ जीवनशैली के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
कार्यक्रम के अंत में विद्यालय के प्राचार्य श्री मिश्रा द्वारा आगंतुक अतिथियों को पवित्र ग्रंथ ‘श्रीमद्भगवद्गीता’ स्मृति-चिह्न के रूप में भेंट की गई। कार्यक्रम का समापन सभी के स्वस्थ, नशामुक्त और योगमय जीवन की मंगलकामना के साथ हुआ।










