
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय बोले—सनातन परंपराओं और सामाजिक समरसता को मजबूत करने में सेन समाज की अहम भूमिका
KPN24.com रायपुर 8 अगस्त 2026
सेन शक्ति सम्मेलन एवं केश शिल्पी सम्मान समारोह में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने सेन समाज को बड़ी सौगात देते हुए सामुदायिक भवन निर्माण के लिए 50 लाख रुपये देने की घोषणा की। साथ ही नया रायपुर में संत शिरोमणि सेन जी महाराज के नाम पर चौक का नामकरण करने का ऐलान किया।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि सेन समाज का इतिहास गौरवशाली रहा है। जन्म से लेकर विवाह और मृत्यु तक समाज के विभिन्न संस्कारों में सेन समाज की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। समाज ने सनातन परंपराओं, संस्कारों और सामाजिक समरसता को पीढ़ी-दर-पीढ़ी आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया है।
उन्होंने कहा कि भारत रत्न जननायक कर्पूरी ठाकुर जैसे महान नेता का सेन समाज से होना पूरे समाज के लिए गौरव की बात है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पारंपरिक हुनर और श्रम को सम्मान देने के लिए प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना सहित कई योजनाएं संचालित की जा रही हैं।
केश शिल्पियों के कल्याण को लेकर सरकार प्रतिबद्ध
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार केश शिल्पियों और पारंपरिक व्यवसाय से जुड़े लोगों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। सेन समाज की मांगों और आवश्यकताओं पर सरकार गंभीरता से विचार करेगी।
उन्होंने बताया कि पूर्व मुख्यमंत्री एवं वर्तमान विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह के कार्यकाल में केश शिल्पी कल्याण बोर्ड का गठन किया गया था। पारंपरिक व्यवसाय से जुड़े लोगों को विभिन्न उपकरण और सहायता उपलब्ध कराने की पहल भी की गई।
सरकार की योजनाओं का भी किया उल्लेख
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में महतारी वंदन योजना के तहत करीब 70 लाख महिलाओं को हर माह 1,000 रुपये दिए जा रहे हैं। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 18 लाख आवास स्वीकृत किए गए हैं। किसानों से 3,100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदी की जा रही है।
उन्होंने बताया कि रामलला दर्शन योजना से अब तक 50 हजार से अधिक श्रद्धालु अयोध्या पहुंच चुके हैं। भूमिहीन कृषि मजदूरों को सालाना 10 हजार रुपये की सहायता दी जा रही है तथा युवाओं के लिए विभिन्न विभागों में 20 हजार से अधिक पदों पर भर्ती की जा चुकी है।
मुख्यमंत्री ने समाज के पदाधिकारियों से सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी पात्र लोगों तक पहुंचाने की अपील की।
डॉ. रमन सिंह ने सेन समाज के योगदान को सराहा
विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने कहा कि सेन समाज हजारों वर्षों से सामाजिक व्यवस्था की महत्वपूर्ण धुरी रहा है। जन्म, विवाह और मृत्यु सहित जीवन के प्रत्येक संस्कार में समाज की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। उन्होंने केश शिल्पी कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष गौरीशंकर श्रीवास और विधायक रिकेश सेन के सामाजिक योगदान की सराहना की।
मंत्री गुरु खुशवंत साहेब ने सेन शक्ति सम्मेलन को सामाजिक एकता और समरसता का प्रतीक बताया। उन्होंने युवाओं के कौशल विकास के लिए नए प्रशिक्षण और रोजगार अवसर उपलब्ध कराने की बात कही।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने प्रदेशभर से आए सेन समाज के प्रशिक्षित युवाओं को किट का वितरण भी किया। इस अवसर पर राज्यसभा सांसद लक्ष्मी वर्मा, विधायक रिकेश सेन, मोना सेन, गौरीशंकर श्रीवास सहित बड़ी संख्या में सेन समाज के प्रतिनिधि एवं नागरिक उपस्थित रहे।










