"हर खबर, आपकी नज़र"

kpn 24

काले कागज को असली नोट बनाने का झांसा, ₹50 हजार की ठगी से पहले ही खुल गया खेल; तीन आरोपी गिरफ्तार

सोशल मीडिया और फोन कॉल के जरिए बनाते थे शिकार, सायबर टीम की सक्रियता से दबोचे गए आरोपी

KPN24.com जांजगीर-चांपा 08 अगस्त 2026

काले कागज को केमिकल के जरिए असली भारतीय नोट में बदलने का झांसा देकर लोगों से मोटी रकम ऐंठने वाले गिरोह का जांजगीर-चांपा पुलिस ने पर्दाफाश किया है। ₹50 हजार की ठगी की कोशिश को पुलिस की सतर्कता और सायबर टीम की सक्रियता ने नाकाम कर दिया। मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।

पुलिस के अनुसार आरोपी सोशल मीडिया और मोबाइल फोन के माध्यम से लोगों से संपर्क करते थे। खुद को “केमिकल एक्सपर्ट” बताकर काले कागज को विशेष रसायन से असली नोट में बदलने का झांसा दिया जाता था। इसके बदले मोटी रकम की मांग कर लोगों को ठगी का शिकार बनाने की योजना तैयार की जाती थी।
₹50 हजार लेकर ढाई लाख के काले कागज का दिया लालच
मामला नवागढ़ थाना क्षेत्र का है। पुलिस को शिकायतकर्ता साहिल कुमार ने बताया कि करीब 10 दिन पहले उसके पिता के मोबाइल पर तेरस राम महिपाल नामक व्यक्ति का फोन आया था। उसने स्वयं को रसायन विशेषज्ञ बताते हुए दावा किया कि उसके पास ऐसा काला कागज है, जिसे विशेष रसायन की मदद से असली भारतीय मुद्रा में बदला जा सकता है।
आरोपी ने ₹50 हजार के बदले ₹2.50 लाख मूल्य के काले कागज और रसायन देने का लालच दिया। आरोपी की बातों में आकर शिकायतकर्ता 6 अगस्त 2026 को गोविंदा पुल के पास पहुंचा। वहां तेरस राम महिपाल के साथ शिव प्रसाद मनहर और रामरतन साहू भी मौजूद थे।
तीनों ने काले कागज के बदले ₹50 हजार नकद देने की मांग की। हालांकि शिकायतकर्ता को पूरे मामले में ठगी की आशंका हुई। पूछताछ शुरू होते ही तीनों आरोपी मौके से फरार हो गए।
शिकायत मिलते ही सक्रिय हुई पुलिस और सायबर टीम
मामले की सूचना मिलते ही नवागढ़ पुलिस और सायबर टीम सक्रिय हो गई। शिकायत के आधार पर थाना नवागढ़ में अपराध क्रमांक 246/2026 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(2) एवं 61(2) के तहत विवेचना शुरू की गई।
तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों में कथित मास्टरमाइंड भी शामिल
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में शिव प्रसाद मनहर को इस गिरोह का कथित मास्टरमाइंड बताया गया है। पुलिस का कहना है कि वह पूर्व में थाना जैजैपुर के ₹24 लाख के नकली नोट प्रकरण तथा रायपुर के गंज थाना क्षेत्र के ₹85 लाख के नकली नोट प्रकरण में चालान हो चुका है।
गिरफ्तार आरोपी
तेरस राम महिपाल (34 वर्ष) — निवासी तालदेवरी, थाना बिर्रा
रामरतन साहू (35 वर्ष) — निवासी करौबाडीह, थाना जैजैपुर
शिव प्रसाद मनहर (36 वर्ष) — निवासी करौबाडीह, थाना जैजैपुर
आरोपियों के कब्जे से ये सामान बरामद
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कथित ठगी में इस्तेमाल सामग्री बरामद की है, जिसमें—
सफेद प्लास्टिक डिब्बे में भरा सफेद रासायनिक पाउडर
6 नग काले रंग का रसायन लगा नोट जैसा दिखाई देने वाला कागज
गुलाबी रंग का ओप्पो मोबाइल
रेडमी मोबाइल
रियलमी मोबाइल
शामिल हैं।
एसपी के निर्देशन में हुई कार्रवाई
पूरी कार्रवाई पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय आईपीएस के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. यूलैंडन यार्क के मार्गदर्शन में सायबर थाना जांजगीर और थाना नवागढ़ पुलिस द्वारा की गई। गिरफ्तारी के बाद आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
पुलिस टीम की रही अहम भूमिका
कार्रवाई में निरीक्षक मणिकांत पाण्डेय, थाना प्रभारी नवागढ़, सायबर थाना से निरीक्षक भास्कर शर्मा, सहायक उप निरीक्षक विवेक सिंह, प्रधान आरक्षक राजकुमार चंद्रा, आरक्षक गिरीश कश्यप एवं प्रदीप दुबे का सराहनीय योगदान रहा।
पुलिस की इस कार्रवाई से एक ओर जहां ₹50 हजार की संभावित ठगी टल गई, वहीं कथित अंतरराज्यीय गिरोह से जुड़े आरोपियों तक पहुंचने में भी पुलिस को सफलता मिली है। मामले में पुलिस द्वारा आगे की विवेचना जारी है।

Kpn 24
Author: Kpn 24

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Read More