
तिरंगा यात्रा से लेकर सामूहिक वंदे मातरम् तक, जनभागीदारी ने अभियान को बनाया उत्सव का रूप
KPN24.com जांजगीर-चांपा 10 अगस्त 2026
आजादी के पर्व को लेकर जांजगीर-चांपा जिले में देशभक्ति का माहौल लगातार मजबूत हो रहा है। हर घर तिरंगा अभियान के तहत 7 से 17 अगस्त तक जिले की विभिन्न ग्राम पंचायतों में तिरंगा यात्रा, सामूहिक गायन, जागरूकता कार्यक्रम सहित अनेक देशभक्ति आधारित गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। गांव-गांव में लहराता तिरंगा और अभियान से जुड़ते ग्रामीण राष्ट्रभक्ति के उत्साह को नई ऊंचाई दे रहे हैं।
कलेक्टर जन्मेजय महोबे के निर्देशन एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी विनय कुमार पोयाम के मार्गदर्शन में जिले की विभिन्न ग्राम पंचायतों में तिरंगा यात्राएं निकाली जा रही हैं। इन यात्राओं में जनप्रतिनिधियों, समाजसेवियों, सामाजिक संगठनों के सदस्यों, विद्यार्थियों, शिक्षकों और ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाई।
तिरंगा यात्रा के दौरान ‘वंदे मातरम्’ के सामूहिक गायन से गांवों का वातावरण देशभक्ति से सराबोर नजर आया। बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने हाथों में तिरंगा लेकर अभियान में अपनी सहभागिता दर्ज कराई।
विद्यालयों से लेकर आंगनबाड़ी केंद्रों तक देशभक्ति का संदेश
अभियान को व्यापक जनभागीदारी से जोड़ने के लिए जिले के विद्यालयों, आंगनबाड़ी केंद्रों, शासकीय कार्यालयों एवं सार्वजनिक स्थलों पर भी विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। विद्यालयों में वंदे मातरम्, राष्ट्रभक्ति विषयक संगोष्ठी, जागरूकता कार्यक्रम सहित अन्य गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों में राष्ट्रप्रेम और राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान की भावना को मजबूत किया जा रहा है।
ग्राम पंचायतों में आयोजित तिरंगा यात्राओं और जागरूकता कार्यक्रमों का उद्देश्य प्रत्येक नागरिक को ‘हर घर तिरंगा’ अभियान से जोड़ना और स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अपने घर पर तिरंगा फहराने के लिए प्रेरित करना है।
जिले में अभियान को मिल रहा उत्साहपूर्ण जनसमर्थन यह संदेश दे रहा है कि तिरंगा केवल राष्ट्रध्वज नहीं, बल्कि देश की एकता, अखंडता, गौरव और स्वाभिमान का प्रतीक है।










