"हर खबर, आपकी नज़र"

kpn 24

जांजगीर-चांपा में प्रवासी मजदूरों की 12 घंटे चली सघन जांच, 300 से पूछताछ; सैकड़ों के लिए गए अंगुलि-चिह्न

राष्ट्रीय सुरक्षा और अपराधों की रोकथाम को लेकर औद्योगिक क्षेत्र में पुलिस का बड़ा सत्यापन अभियान

KPN24.com जांजगीर-चांपा 10 अगस्त 2026

राष्ट्रीय सुरक्षा को मजबूत करने और अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से जांजगीर-चांपा पुलिस ने औद्योगिक क्षेत्रों में रह रहे प्रवासी मजदूरों के सत्यापन को लेकर सोमवार तड़के से व्यापक जांच अभियान चलाया। अकलतरा थाना क्षेत्र के जेएसडब्ल्यू महानदी कंपनी लिमिटेड, बनाहिल परिसर में सुबह करीब 5 बजे शुरू हुआ अभियान लगभग 12 घंटे तक चला।

पुलिस टीम ने औद्योगिक क्षेत्र में रह रहे करीब 300 प्रवासी मजदूरों से पूछताछ की। इस दौरान उनके पहचान-पत्र एवं अन्य दस्तावेजों की बारीकी से जांच कर सत्यापन किया गया। अभियान के दौरान सैकड़ों मजदूरों के अंगुलि-चिह्न भी लिए गए, ताकि उनकी पहचान संबंधी जानकारी को पुलिस अभिलेखों से सत्यापित किया जा सके।
एक संदेही मजदूर चिन्हित, पूछताछ जारी
सघन जांच के दौरान पुलिस ने एक संदेही मजदूर को चिन्हित कर उससे पूछताछ की। पुलिस ने मजदूरों की पहचान, उनके दस्तावेज, निवास एवं अन्य आवश्यक जानकारियों का सत्यापन किया। इस पूरी कार्रवाई का उद्देश्य औद्योगिक क्षेत्रों में बाहरी व्यक्तियों की गतिविधियों पर निगरानी रखने के साथ-साथ संभावित आपराधिक गतिविधियों की समय रहते पहचान करना है।
यह विशेष अभियान पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. यूलैण्डन यॉर्क के मार्गदर्शन तथा अकलतरा अनुविभागीय अधिकारी पुलिस डॉ. मेखलेन्द्र प्रताप सिंह के नेतृत्व में संचालित किया गया।
औद्योगिक क्षेत्रों में लगातार जारी रहेगा सत्यापन
पुलिस अधिकारियों के अनुसार जांजगीर-चांपा जिले में राष्ट्रीय सुरक्षा और अपराधों की रोकथाम को लेकर औद्योगिक एवं अन्य क्षेत्रों में रह रहे प्रवासी मजदूरों का भौतिक सत्यापन और दस्तावेजों की जांच लगातार जारी रहेगी। पुलिस का यह अभियान बाहरी श्रमिकों की पहचान सुनिश्चित करने के साथ औद्योगिक क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
इन पुलिसकर्मियों की रही अहम भूमिका
अभियान में अकलतरा अनुविभागीय अधिकारी पुलिस डॉ. मेखलेन्द्र प्रताप सिंह के साथ निरीक्षक जय कुमार साहू, पारस पटेल, धर्मेन्द्र वैष्णव, उप निरीक्षक विनोद जाटवर, प्रशिक्षु उप निरीक्षक सुरेश कुमार, अशोक वर्मा, सहायक उप निरीक्षक रामप्रसाद बघेल सहित अकलतरा, पामगढ़, मुलमुला, बलौदा थाना, पुलिस सहायता केंद्र कोटमीसोनार तथा एसटीएफ जांजगीर के पुलिस अधिकारियों एवं जवानों का सराहनीय योगदान रहा।

 

Kpn 24
Author: Kpn 24

Leave a Comment

Read More