
शासकीय हाई स्कूल मैदान में होगा जिला स्तरीय मुख्य समारोह — परेड की सलामी के साथ पढ़ेंगे मुख्यमंत्री का संदेश
KPN24.com जांजगीर-चांपा 14 अगस्त 2026
स्वतंत्रता दिवस के राष्ट्रीय पर्व पर जांजगीर-चांपा जिला मुख्यालय देशभक्ति के रंग में सराबोर नजर आएगा। 15 अगस्त को शासकीय हाई स्कूल मैदान, जांजगीर में आयोजित जिला स्तरीय मुख्य समारोह में कौशल विकास एवं तकनीकी शिक्षा, रोजगार तथा अनुसूचित जाति विकास मंत्री गुरु खुशवंत साहेब मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।
मुख्य अतिथि गुरु खुशवंत साहेब प्रातः 9 बजे ध्वजारोहण कर राष्ट्रध्वज को सलामी देंगे। इसके बाद राष्ट्रगान एवं सलामी के साथ स्वतंत्रता दिवस समारोह की गरिमामय शुरुआत होगी। मंत्री श्री साहेब समारोह में परेड का निरीक्षण एवं सलामी लेंगे तथा मुख्यमंत्री छत्तीसगढ़ शासन के संदेश का वाचन करेंगे।
देशभक्ति से सराबोर होगा जांजगीर
समारोह में जिले के विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं द्वारा आकर्षक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी जाएंगी। स्वतंत्रता संग्राम के बलिदानों, राष्ट्रप्रेम और देश की गौरवशाली परंपरा को दर्शाती प्रस्तुतियां समारोह का प्रमुख आकर्षण रहेंगी। इसके साथ ही उत्कृष्ट कार्य करने वाले प्रतिभागियों एवं व्यक्तियों को पुरस्कार एवं सम्मान प्रदान किया जाएगा।
मिनट-टू-मिनट कार्यक्रम
प्रातः 8:59 बजे — मुख्य अतिथि का आगमन
प्रातः 9:00 बजे — मुख्य अतिथि द्वारा ध्वजारोहण
प्रातः 9:01 बजे — राष्ट्रगीत, राष्ट्रगान एवं सलामी
प्रातः 9:10 बजे — मुख्य अतिथि द्वारा मुख्यमंत्री के संदेश का वाचन
प्रातः 9:25 बजे — छात्र-छात्राओं द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम
प्रातः 9:55 बजे तक — पुरस्कार वितरण
प्रातः 10:15 बजे — समारोह का समापन
स्वतंत्रता दिवस के इस भव्य आयोजन को लेकर जिला प्रशासन द्वारा तैयारियां पूरी की जा रही हैं। मुख्य समारोह में प्रशासनिक अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, विद्यार्थियों, नागरिकों एवं विभिन्न संस्थाओं की सहभागिता रहेगी। पूरा जांजगीर एक बार फिर ‘राष्ट्र प्रथम’ की भावना और तिरंगे के सम्मान के साथ स्वतंत्रता दिवस का पर्व मनाएगा।










