
KPN24.com बिलासपुर 14 अगस्त 2026
स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर बिलासपुर का सदर बाजार राष्ट्रभक्ति के रंग में रंग गया। लगातार बारिश भी व्यापारियों, बच्चों और शहरवासियों के जोश को नहीं रोक सकी। बिलासपुर सराफा एसोसिएशन ने ‘हर घर तिरंगा, हर दुकान तिरंगा’ अभियान के तहत भव्य तिरंगा यात्रा और स्वागत समारोह आयोजित कर देशभक्ति का संदेश दिया।
दोपहर 1 बजे कलेक्टर कार्यालय से सराफा एसोसिएशन की तिरंगा यात्रा का शुभारंभ जिला कलेक्टर संजय अग्रवाल, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनीश सिंह, मुख्य कार्यपालन अधिकारी संदीप अग्रवाल एवं नगर निगम आयुक्त प्रकाश कुमार सर्वे ने किया। हाथों में तिरंगा लिए बड़ी संख्या में व्यापारी और सराफा परिवार के सदस्य यात्रा में शामिल हुए।
इसके बाद गांधी चौक से निकली स्कूली बच्चों की विशाल तिरंगा यात्रा का सदर बाजार में बिलासपुर सराफा एसोसिएशन और चेंबर परिवार ने पुष्पवर्षा कर भव्य स्वागत किया। बारिश के बीच गूंजते ‘भारत माता की जय’ के नारों ने पूरे सदर बाजार को राष्ट्रभक्ति से सराबोर कर दिया।
सराफा एसोसिएशन के अध्यक्ष श्री कमल सोनी ने कहा कि “तिरंगा देश की आन, बान और शान का प्रतीक है। बारिश के बावजूद लोगों का उत्साह बिलासपुर की राष्ट्रभक्ति और एकजुटता का शानदार उदाहरण है।” उन्होंने अभियान को सफल बनाने के लिए व्यापारियों और शहरवासियों का आभार जताया।
आयोजन में सचिव श्रीकांत पाण्डेय, रौनक साव, राजेश शाह, अजय सराफ सहित एसोसिएशन एवं चेंबर के अनेक पदाधिकारी और सदस्य सक्रिय रूप से शामिल रहे।
15 अगस्त को होगा भव्य ध्वजारोहण
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर 15 अगस्त को सुबह 11 बजे बिलासपुर सराफा एसोसिएशन द्वारा भव्य ध्वजारोहण समारोह आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि गगन कुमार (आईपीएस), नगर पुलिस अधीक्षक, सिटी डेल्टा तथा विशिष्ट अतिथि देवेश सिंह, थाना प्रभारी, सिटी डेल्टा उपस्थित रहेंगे। एसोसिएशन ने सभी व्यापारियों और नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की है।










