
Kpn24.com रायपुर 16 अगस्त 2026
भारत रत्न एवं पूर्व प्रधानमंत्री श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी की पुण्यतिथि पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने राजधानी रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास परिसर में उनकी प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर भावपूर्ण श्रद्धांजलि दी। इस अवसर पर छत्तीसगढ़ गृह निर्माण एवं अधोसंरचना विकास मंडल के अध्यक्ष अनुराग सिंहदेव भी उपस्थित रहे।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी केवल महान राष्ट्रनायक ही नहीं, बल्कि छत्तीसगढ़ के निर्माता भी थे। उनके दूरदर्शी नेतृत्व, दृढ़ संकल्प और संवेदनशील सोच ने छत्तीसगढ़ को पृथक राज्य की पहचान दिलाई। प्रदेश के निर्माण का उनका ऐतिहासिक निर्णय छत्तीसगढ़ के इतिहास में सदैव स्वर्णाक्षरों में अंकित रहेगा।
अटल जी का छत्तीसगढ़ से था आत्मीय रिश्ता
मुख्यमंत्री ने कहा कि अटल जी का छत्तीसगढ़ से संबंध राजनीतिक सीमाओं से कहीं आगे, आत्मीय और भावनात्मक था। उन्होंने स्वयं अटल जी से मिले स्नेह, आशीर्वाद और मार्गदर्शन को जीवन की अमूल्य स्मृतियां बताते हुए कहा कि उनका व्यक्तित्व आज भी जनसेवा के लिए प्रेरणा देता है।
उन्होंने कहा कि अटल जी संवेदनशील कवि, प्रखर पत्रकार, ओजस्वी वक्ता और दूरदर्शी राजनेता होने के साथ लोकतांत्रिक मूल्यों और संवाद की राजनीति के प्रतीक थे। राष्ट्रहित उनके लिए सर्वोपरि था और मां भारती की सेवा उनके जीवन का सर्वोच्च ध्येय रहा।
गांव, गरीब, किसान और जनजातीय समाज रहा केंद्र में
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि अटल जी ने सुशासन और अंत्योदय को शासन का आधार बनाकर विकास की ऐसी मजबूत नींव रखी, जिसकी गूंज आज भी दिखाई देती है। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के माध्यम से गांवों को सड़कों से जोड़ने की पहल ने ग्रामीण विकास को नई गति दी। किसानों और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती देने के साथ जनजातीय समाज के विकास के लिए पृथक जनजातीय कार्य मंत्रालय का गठन भी उनकी संवेदनशील सोच का उदाहरण है।
अटल जी के सपनों का छत्तीसगढ़ बनाने का संकल्प
मुख्यमंत्री ने कहा कि अटल जी ने जिस छत्तीसगढ़ की आधारशिला रखी, उसे समृद्ध, विकसित और आत्मनिर्भर बनाना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है। राज्य सरकार सुशासन, अंत्योदय और जनकल्याण के उनके आदर्शों को आत्मसात करते हुए गांव, गरीब, किसान, युवा, महिला और जनजातीय समाज तक विकास का लाभ पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।
उन्होंने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी का जीवन, विचार और नेतृत्व सदैव देश और छत्तीसगढ़ को दिशा देते रहेंगे। उनके सपनों के अनुरूप विकसित छत्तीसगढ़ का निर्माण ही सरकार का संकल्प है।










