"हर खबर, आपकी नज़र"

kpn 24

विकास कार्यों में लापरवाही बर्दाश्त नहीं: प्रभारी मंत्री ओ.पी. चौधरी ने अधिकारियों को लगाई दो टूक

मेडिकल कॉलेज, नालंदा परिसर और बड़ी परियोजनाओं को गुणवत्ता के साथ तेजी से पूरा करने के निर्देश

KPN24.com जांजगीर-चांपा 20 अगस्त 2026

जिले में विकास कार्यों की रफ्तार, गुणवत्ता और आमजन की समस्याओं के त्वरित निराकरण को लेकर प्रभारी मंत्री एवं वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी ने अधिकारियों को स्पष्ट संदेश दिया है—विकास कार्यों में किसी भी तरह की लापरवाही और गुणवत्ता से समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

उन्होंने जिला स्तरीय अधिकारियों की समीक्षा बैठक लेकर विभिन्न विभागों की योजनाओं, विकास कार्यों और निर्माणाधीन परियोजनाओं की विस्तृत समीक्षा की तथा अधिकारियों को समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण काम पूरा करने के सख्त निर्देश दिए।

बैठक में जांजगीर-चांपा लोकसभा सांसद श्रीमती कमलेश जांगड़े, कलेक्टर जन्मेजय महोबे, पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पांडेय, जिला पंचायत मुख्य कार्यपालन अधिकारी विनय कुमार पोयाम सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
आमजन के काम में देरी हुई तो होगी कार्रवाई
प्रभारी मंत्री श्री चौधरी ने कहा कि आम नागरिकों के कार्यों का त्वरित निराकरण प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में होना चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि किसी भी स्तर पर भ्रष्टाचार या लापरवाही की शिकायत नहीं आनी चाहिए। शिकायत मिलने पर संबंधित अधिकारी-कर्मचारी के विरुद्ध नियमानुसार कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को मुख्यालय में उपस्थित रहकर आमजन की समस्याओं को संवेदनशीलता के साथ सुनने और उनका शीघ्र समाधान करने के निर्देश दिए।
मेडिकल कॉलेज और नालंदा परिसर पर विशेष निगरानी
जिले की बड़ी निर्माणाधीन परियोजनाओं की समीक्षा करते हुए प्रभारी मंत्री ने मेडिकल कॉलेज, नर्सिंग कॉलेज, नालंदा परिसर सहित अन्य महत्वपूर्ण निर्माण कार्यों को तेजी से पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निर्माण की गति बढ़ाने के साथ गुणवत्ता से किसी भी स्थिति में समझौता नहीं होना चाहिए।
उन्होंने निर्माण कार्यों में निर्धारित तकनीकी मानकों का पूरी तरह पालन करने तथा लगातार निगरानी रखने के निर्देश दिए। साथ ही जिले की प्राथमिकता वाले आवश्यक विकास कार्यों के प्रस्ताव तैयार कर शासन को भेजने को कहा।
बिजली कटौती पर नाराजगी, तत्काल सुधार के निर्देश
बारिश के दौरान बार-बार विद्युत आपूर्ति बाधित होने की स्थिति पर प्रभारी मंत्री ने नाराजगी जताई। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि बारिश के कारण आम नागरिकों को अनावश्यक परेशानी नहीं होनी चाहिए। बिजली आपूर्ति बाधित होने की स्थिति में समस्या का तत्काल निराकरण कर निर्बाध विद्युत व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
बारिश से खराब सड़कें और गड्ढे तत्काल भरने के निर्देश
प्रभारी मंत्री ने बारिश के कारण सड़कों पर बने गड्ढों और क्षतिग्रस्त हिस्सों की मरम्मत को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सड़क खराब होने से आम नागरिकों के आवागमन में परेशानी नहीं होनी चाहिए, इसलिए आवश्यक मरम्मत कार्य शीघ्र पूरा कराया जाए।
राजस्व प्रकरणों के निपटारे में तेजी लाने पर जोर
राजस्व विभाग की समीक्षा करते हुए श्री चौधरी ने कहा कि राजस्व विभाग के कार्य सीधे ग्रामीणों और आम नागरिकों से जुड़े हैं। इसलिए राजस्व प्रकरणों का समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित किया जाए और लोगों को अनावश्यक कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।
उन्होंने विकास कार्यों के भूमिपूजन कार्यक्रमों में स्थानीय जनप्रतिनिधियों को आवश्यक रूप से आमंत्रित करने के निर्देश भी दिए।
पीएम सूर्यघर और प्रधानमंत्री आवास योजना की समीक्षा
प्रभारी मंत्री ने पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना की समीक्षा करते हुए हितग्राहियों के घरों में गुणवत्तापूर्ण सौर पैनल लगाने तथा योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए, ताकि अधिक से अधिक पात्र नागरिक इसका लाभ उठा सकें।
वहीं प्रधानमंत्री आवास योजना की समीक्षा करते हुए उन्होंने कहा कि पात्र हितग्राहियों को आवास की किस्त जारी करने में किसी भी प्रकार की देरी नहीं होनी चाहिए। उन्होंने योजना के क्रियान्वयन के दौरान हितग्राहियों को अनावश्यक परेशानी से बचाने के निर्देश दिए।
महतारी वंदन योजना में ई-केवाईसी के लिए चलेगा अभियान
प्रभारी मंत्री ने महतारी वंदन योजना की समीक्षा करते हुए शेष हितग्राहियों की ई-केवाईसी पूर्ण कराने के लिए विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए।
उन्होंने वीबी-जी राम जी के अंतर्गत निर्माणाधीन आंगनबाड़ी केंद्रों और मरम्मत कार्यों को गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा कराने पर भी जोर दिया।
किसानों को आधुनिक कृषि तकनीक से जोड़ने पर जोर
उद्यानिकी विभाग की समीक्षा के दौरान श्री चौधरी ने जिले में फल एवं सब्जी उत्पादन की स्थिति की जानकारी ली और किसानों को उद्यानिकी फसलों के लिए अधिक से अधिक प्रोत्साहित करने के निर्देश दिए।
कृषि विभाग की समीक्षा में खाद और बीज की उपलब्धता तथा भंडारण की स्थिति की जानकारी ली गई। उन्होंने किसानों के बीच नैनो यूरिया और नैनो डीएपी के उपयोग को लेकर व्यापक जागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए।
अवैध रेत उत्खनन पर सख्ती के निर्देश
प्रभारी मंत्री ने जिले में अवैध रेत उत्खनन और परिवहन के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से कहा कि अवैध गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखी जाए और नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
कानून-व्यवस्था और ई-ऑफिस व्यवस्था की भी समीक्षा
बैठक में कानून-व्यवस्था की स्थिति की भी समीक्षा की गई। इसके साथ ही ई-ऑफिस और ई-अटेंडेंस व्यवस्था के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
प्रभारी मंत्री श्री चौधरी ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि शासन की योजनाओं और विकास कार्यों का लाभ कागजों तक सीमित न रहे, बल्कि उसका असर जमीन पर दिखाई देना चाहिए। उन्होंने आम नागरिकों को समय पर योजनाओं का लाभ दिलाने और प्रशासनिक व्यवस्था को अधिक संवेदनशील एवं जवाबदेह बनाने पर विशेष जोर दिया।

Kpn 24
Author: Kpn 24

Leave a Comment

Read More