"हर खबर, आपकी नज़र"

kpn 24

चिकन के बंटवारे पर खूनी विवाद: छोटे भाई ने बड़े भाई पर टांगी से किया जानलेवा हमला, भाभी भी घायल

Kpn24.com जांजगीर-चांपा 23 अगस्त 2026

जिले के शिवरीनारायण थाना क्षेत्र के बुंदेला डेरा में चिकन के बंटवारे को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद देखते ही देखते खूनी संघर्ष में बदल गया। कम हिस्सा मिलने से नाराज छोटे भाई ने अपने बड़े भाई पर लोहे की टांगी से जानलेवा हमला कर दिया। बीच-बचाव करने पहुंची भाभी को भी आरोपी ने टांगी से वार कर घायल कर दिया।

घटना की सूचना मिलते ही राहौद पुलिस सहायता केंद्र की टीम सक्रिय हुई और आरोपी को कुछ ही घंटों में गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया।
चिकन के बंटवारे को लेकर शुरू हुआ विवाद
पुलिस के अनुसार, प्रार्थी बुधराम (40 वर्ष) ने शिवरीनारायण थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई कि 21 अगस्त 2026 की शाम करीब 5 बजे घर में चिकन बनाने के लिए उसका बंटवारा किया जा रहा था। इसी दौरान छोटे भाई बजरंग गोंड (20 वर्ष) ने कम हिस्सा मिलने की बात को लेकर विवाद शुरू कर दिया।
विवाद बढ़ने पर आरोपी ने गाली-गलौज करते हुए घर में रखी लोहे की टांगी से बुधराम की पीठ पर हमला कर दिया। अचानक हुए इस हमले से परिवार में अफरा-तफरी मच गई।
बचाने पहुंची भाभी पर भी हमला
बड़े भाई पर हमला होते देख उसकी भाभी बीच-बचाव करने पहुंची। आरोप है कि आरोपी ने उसे भी गाली-गलौज करते हुए सिर के पीछे टांगी से वार कर घायल कर दिया।
घटना की जानकारी पुलिस को मिलते ही पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय, भापुसे के निर्देशन में राहौद पुलिस सहायता केंद्र प्रभारी राजेंद्र सिंह क्षत्रिय ने तत्काल कार्रवाई शुरू की और घटनास्थल का निरीक्षण किया।
पूछताछ में कबूला जुर्म, टांगी भी बरामद
पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ प्रार्थी एवं गवाहों के बयान दर्ज किए। पूछताछ के दौरान आरोपी बजरंग गोंड ने घटना को अंजाम देना स्वीकार किया। आरोपी ने पुलिस को बताया कि वारदात में इस्तेमाल की गई लोहे की टांगी को उसने घर के पास घास के पीछे छिपाकर रखा है।
आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने घटना में प्रयुक्त लोहे की टांगी बरामद कर जब्त कर ली। पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद पुलिस ने आरोपी बजरंग गोंड, उम्र 20 वर्ष, निवासी बुंदेला, थाना शिवरीनारायण को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई
मामले में थाना प्रभारी शिवरीनारायण कृष्णपाल सिंह एवं पुलिस सहायता केंद्र राहौद प्रभारी राजेंद्र सिंह क्षत्रिय की भूमिका सराहनीय रही। पुलिस की त्वरित कार्रवाई के चलते जानलेवा हमले के आरोपी को घटना के बाद जल्द ही गिरफ्तार कर लिया गया।

Kpn 24
Author: Kpn 24

Leave a Comment

Read More