
Kpn24.com रायपुर 23 अगस्त 2026
छत्तीसगढ़ सौर ऊर्जा के क्षेत्र में देश का अग्रणी राज्य बनने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि प्रदेश में ऊर्जा आत्मनिर्भरता और हरित भविष्य को मजबूत करने के लिए सौर ऊर्जा का व्यापक विस्तार किया जा रहा है।
रायपुर के पं. दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में छत्तीसगढ़ सोलर वेलफेयर एसोसिएशन के दो दिवसीय ‘संवाद’ कार्यक्रम के समापन समारोह में मुख्यमंत्री ने बताया कि मार्च 2027 तक 5 लाख घरों में सौर पैनल लगाने का लक्ष्य रखा गया है। प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत अब तक करीब 95 हजार घर सौर ऊर्जा से रोशन हो चुके हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में 4 हजार मेगावाट हरित ऊर्जा उत्पादन का लक्ष्य है। साथ ही ऊर्जा क्षेत्र में करीब 3.50 लाख करोड़ रुपये के समझौते हुए हैं, जिनसे भविष्य में लगभग 30 हजार मेगावाट अतिरिक्त बिजली उत्पादन क्षमता विकसित होने की संभावना है।
महिलाओं के लिए रोजगार का नया अवसर
मुख्यमंत्री ने कहा कि सौर ऊर्जा केवल बिजली का साधन नहीं, बल्कि रोजगार और स्वरोजगार का भी नया माध्यम बन रही है। महिला स्व-सहायता समूहों की सदस्य सौर विक्रेता के रूप में काम कर रही हैं और घरों में सौर संयंत्र स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने सौर उद्योगों के स्टॉलों का अवलोकन किया तथा उत्कृष्ट कार्य करने वाली संस्थाओं, बैंकों और व्यक्तियों को सम्मानित किया। उन्होंने छत्तीसगढ़ सोलर वेलफेयर एसोसिएशन की निर्देशिका का विमोचन भी किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सौर ऊर्जा के विस्तार के साथ छत्तीसगढ़ ऊर्जा आत्मनिर्भरता, रोजगार और पर्यावरण संरक्षण की दिशा में नई मिसाल कायम करेगा।










