
Kpn24.com जांजगीर-चांपा 25 अगस्त 2026
जिले में राजस्व प्रकरणों के निराकरण को लेकर कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने अकलतरा अनुविभाग के अधिकारियों को कड़ा संदेश दिया है। राजस्व अधिकारियों, राजस्व निरीक्षकों और पटवारियों की समीक्षा बैठक में उन्होंने नक्शा बटांकन की धीमी प्रगति पर कड़ी नाराजगी जताते हुए काम में तेजी लाने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने स्पष्ट कहा कि अब नक्शा बटांकन के कार्य में परिणाम जमीन पर दिखाई देना चाहिए। उन्होंने नियमित निगरानी के साथ अधिकारियों को दैनिक प्रगति प्रतिवेदन प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। साथ ही बताया कि वे स्वयं फील्ड में पहुंचकर राजस्व प्रकरणों के निराकरण और कार्यों की वास्तविक प्रगति का जायजा लेंगे।
राजस्व अभिलेख दुरुस्त रखने पर जोर
बैठक में कलेक्टर ने भू-अर्जन के बाद संबंधित भूमि के अभिलेखों को तत्काल अद्यतन करने के निर्देश दिए। उन्होंने नक्शा, खसरा और बी-1 को दुरुस्त एवं अद्यतन रखने पर विशेष जोर दिया।
समीक्षा के दौरान एग्रीस्टैक फार्मर रजिस्ट्री, बकेट क्लेम अभियान, नामांतरण एवं बंटवारा, अभिलेख सुधार, सीमांकन, स्वामित्व योजना और स्वामित्व कार्ड वितरण सहित विभिन्न राजस्व कार्यों की स्थिति पर चर्चा की गई।
इसके अलावा डिजिटल हस्ताक्षरित खसरों, आधार सीडिंग, डिजिटल क्रॉप सर्वे, जियो-रेफरेंसिंग तथा असर्वेक्षित ग्रामों के सर्वे-रिसर्वे की भी समीक्षा की गई।
समय-सीमा में प्रकरण निपटाने के निर्देश
कलेक्टर ने राजस्व निरीक्षकों और पटवारियों से फील्ड में काम के दौरान आने वाली व्यावहारिक समस्याओं की जानकारी ली और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने सभी अधिकारियों को समय-सीमा में राजस्व प्रकरणों का निराकरण सुनिश्चित करने तथा शासन की प्राथमिकताओं के अनुरूप पूरी गंभीरता से काम करने के निर्देश दिए।
बैठक में संयुक्त कलेक्टर संदीप सिंह ठाकुर, अनुविभागीय अधिकारी राजस्व अकलतरा सुमित बघेल, डिप्टी कलेक्टर शशि चौधरी सहित तहसीलदार, नायब तहसीलदार, राजस्व निरीक्षक और पटवारी उपस्थित रहे।










