
आबकारी विभाग में नौकरी लगवाने का दिया था भरोसा, रकम लेने के बाद मोबाइल किया बंद
Kpn24.com जांजगीर-चांपा 27 अगस्त 2026
आबकारी विभाग में नौकरी लगवाने का झांसा देकर 2 लाख 9 हजार 500 रुपये की ठगी करने के मामले में पामगढ़ पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार आरोपी की पहचान राहुल कुमार जाटवर (25 वर्ष), निवासी अमलडीहा, थाना बिलाईगढ़, जिला सारंगढ़-बिलाईगढ़ के रूप में हुई है। आरोपी के विरुद्ध थाना पामगढ़ में अपराध क्रमांक 347/2026 दर्ज कर धारा 318(4) भारतीय न्याय संहिता के तहत कार्रवाई की गई है।
छह लाख में नौकरी का सौदा, पहले ही ले लिए 2.09 लाख
पामगढ़ थाना क्षेत्र के मेंहदा निवासी लीला मेहर ने शिकायत में बताया कि अगस्त 2025 में उसकी पहचान राहुल कुमार जाटवर से हुई थी। आरोपी ने स्वयं को आबकारी विभाग में लोगों की नौकरी लगवाने वाला बताते हुए उसकी नौकरी लगवाने का भरोसा दिलाया और इसके एवज में 6 लाख रुपये की मांग की।
नौकरी की उम्मीद में प्रार्थिया ने 10 सितंबर 2025 को आरोपी को अलग-अलग लोगों के फोन-पे खातों के माध्यम से 1 लाख रुपये तथा 1 लाख रुपये नकद दिए। इसके बाद अधिकारियों को पैसे देने के नाम पर आरोपी ने फोन-पे के जरिए और 9,500 रुपये मंगाए। इस तरह आरोपी ने कुल 2 लाख 9 हजार 500 रुपये ले लिए।
मार्च 2026 तक नौकरी का भरोसा, फिर मोबाइल बंद
आरोपी ने प्रार्थिया को मार्च 2026 तक नौकरी लग जाने का भरोसा दिलाया और विश्वास कायम रखने के लिए 1 लाख रुपये का चेक भी दिया। लेकिन आबकारी विभाग की सूची में नाम नहीं आने पर जब प्रार्थिया ने अपनी रकम वापस मांगी तो आरोपी लगातार टालमटोल करता रहा। बाद में उसने अपना मोबाइल नंबर भी बंद कर दिया।
शिकायत मिलने के बाद पामगढ़ पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की और आरोपी राहुल कुमार जाटवर को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपी द्वारा घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार किए जाने के बाद पुलिस ने उसे विधिवत गिरफ्तार कर 27 अगस्त 2026 को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया।
पुलिस टीम की रही अहम भूमिका
यह कार्रवाई एसडीओपी शिवरीनारायण तोमेश वर्मा के नेतृत्व में की गई। कार्रवाई में थाना प्रभारी पामगढ़ निरीक्षक सावन सारथी, सहायक उपनिरीक्षक कृष्ण कुमार कोशले, प्रधान आरक्षक विनोद मनहर, भुनेश्वर पटेल एवं बेदराम पटेल का सराहनीय योगदान रहा।










