
Kpn24.Com जांजगीर-चांपा 26 अगस्त 2026
राहगीरों को धारदार हथियार लहराकर डराने और क्षेत्र में दहशत फैलाने वाले दो आरोपियों को जांजगीर पुलिस ने समय रहते गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने दोनों के कब्जे से दो धारदार हथियार बरामद किए हैं। आरोपियों के विरुद्ध आयुध अधिनियम के तहत पृथक-पृथक कार्रवाई करते हुए न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
पुलिस के अनुसार, पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पांडेय (IPS) ने जिले में असामाजिक तत्वों पर कड़ी निगरानी रखते हुए प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए थे। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. यूलैंडन यार्क, नगर पुलिस अधीक्षक योगिता बाली खापर्डे के निर्देशन तथा थाना प्रभारी जयप्रकाश गुप्ता के मार्गदर्शन में चौकी नैला पुलिस की टीम क्षेत्र में गश्त कर रही थी।
इसी दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि दो युवक अलग-अलग स्थानों पर धारदार हथियार लेकर लोगों को डरा रहे हैं। सूचना पर पुलिस टीम ने जूना तालाब और भाठापारा क्षेत्र में दबिश देकर दोनों आरोपियों को धर दबोचा। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से दो धारदार हथियार बरामद किए गए।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मुकेश सूर्यवंशी (21), निवासी दर्रीपारा नैला, जांजगीर तथा किशन कुमार सूर्यवंशी (26), निवासी वार्ड क्रमांक 5, नैला, जांजगीर के रूप में हुई है।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के विरुद्ध आयुध अधिनियम के तहत अलग-अलग प्रकरण दर्ज कर विधिवत गिरफ्तार किया और न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया। पुलिस की इस कार्रवाई से संभावित गंभीर घटना को समय रहते टालने में सफलता मिली।
कार्रवाई में इनकी रही महत्वपूर्ण भूमिका: निरीक्षक जयप्रकाश गुप्ता, चौकी प्रभारी निरीक्षक रंजीत कंवर, सहायक उपनिरीक्षक शेख सफीउल्लाह, प्रशिक्षु उपनिरीक्षक लक्ष्मी साहू, प्रधान आरक्षक राजमणि द्विवेदी, राधेश्याम पूर्णा, आरक्षक संतोष प्रधान एवं गोपेश्वर सिंह।










