
Kpn24.com रायपुर 28 अगस्त 2026
रक्षाबंधन के पावन अवसर पर मुख्यमंत्री निवास में आत्मीयता और उल्लास का माहौल देखने को मिला। समाज के विभिन्न वर्गों से पहुंचीं माताओं और बहनों ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की कलाई पर राखी बांधकर उनके दीर्घायु और सफल नेतृत्व की कामना की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि “बहनों का स्नेह और आशीर्वाद मेरे लिए अनमोल है। यही स्नेह प्रदेश की सेवा के मेरे संकल्प को और मजबूत करता है।”
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा और आर्थिक आत्मनिर्भरता को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। उन्होंने बताया कि महतारी वंदन योजना के तहत प्रदेश की करीब 68 लाख महिलाओं को हर महीने एक-एक हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी जा रही है। रक्षाबंधन से पहले ही योजना की 31वीं किस्त के रूप में 631 करोड़ रुपये से अधिक की राशि महिलाओं के खातों में हस्तांतरित की गई, ताकि वे त्योहार उत्साहपूर्वक मना सकें।
13.85 लाख महिलाएं बनीं ‘लखपति दीदी’
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘लखपति दीदी’ अभियान में छत्तीसगढ़ ने तय लक्ष्य से कहीं बेहतर प्रदर्शन किया है। प्रदेश को 8 लाख महिलाओं को लखपति दीदी बनाने का लक्ष्य मिला था, लेकिन अब तक 13.85 लाख महिलाएं इस श्रेणी में शामिल हो चुकी हैं। उन्होंने इसे महिलाओं की मेहनत, आत्मविश्वास और उद्यमशीलता का प्रमाण बताया।
ड्रोन दीदी और ई-रिक्शा दीदी बन रहीं नई पहचान
मुख्यमंत्री ने कहा कि अब गांवों की महिलाएं आधुनिक तकनीक अपनाकर आत्मनिर्भर बन रही हैं। ड्रोन दीदी खेतों में उर्वरक और दवा का छिड़काव कर प्रतिदिन 6 से 7 हजार रुपये तक की आय अर्जित कर रही हैं। वहीं नया रायपुर में 92 ई-रिक्शा दीदी रोजगार का नया उदाहरण पेश कर रही हैं। जशपुर के बगिया गांव में भी रक्षाबंधन के अवसर पर 50 महिलाओं को ई-रिक्शा वितरित किए गए।
महिलाओं को मिलेगा उद्यमिता का बढ़ावा
मुख्यमंत्री ने कहा कि नई औद्योगिक विकास नीति में महिला उद्यमियों के लिए विशेष रियायतें और प्रोत्साहन दिए गए हैं। महिलाओं के नाम संपत्ति की रजिस्ट्री पर 50 प्रतिशत पंजीयन शुल्क छूट का लाभ मिल रहा है। उन्होंने महिलाओं से स्वरोजगार से आगे बढ़कर सफल उद्यमी बनने का आह्वान किया।
जवानों और महिला पत्रकारों का किया सम्मान
मुख्यमंत्री ने बताया कि ‘स्नेह की डोर’ अभियान के तहत स्व-सहायता समूहों और विभिन्न वर्गों की महिलाओं ने सीआरपीएफ, बीएसएफ, सीआईएसएफ और आईटीबीपी सहित करीब 1600 जवानों को राखी बांधकर उनके प्रति सम्मान और कृतज्ञता व्यक्त की। उन्होंने महिला पत्रकारों के साहस, संवेदनशीलता और जिम्मेदारी की भी सराहना की।
नक्सलवाद पर बोले मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की दृढ़ इच्छाशक्ति और सुरक्षा बलों के साहस से नक्सलवाद के खिलाफ निर्णायक सफलता मिली है। जिन इलाकों में कभी भय और हिंसा का माहौल था, वहां अब विकास और विश्वास की नई शुरुआत हो रही है।
विकसित छत्तीसगढ़ में मातृशक्ति की अहम भूमिका
मुख्यमंत्री ने कहा कि विकसित भारत और विकसित छत्तीसगढ़ का सपना मातृशक्ति के सशक्तिकरण के बिना पूरा नहीं हो सकता। उन्होंने प्रदेश की सभी माताओं और बहनों को रक्षाबंधन की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि “मातृशक्ति ही सशक्त परिवार, समृद्ध समाज और विकसित छत्तीसगढ़ की सबसे बड़ी आधारशिला है।”










