
सिर पर ताबड़तोड़ वार से दोनों गंभीर, हालत बिगड़ने पर बिलासपुर रेफर; पामगढ़ पुलिस ने आरोपी को दबोचा
Kpn24.com जांजगीर-चांपा 30 अगस्त 2026
पुरानी रंजिश ने एक बार फिर रिश्तों की मर्यादा तार-तार कर दी। पामगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम कोसला में मामूली विवाद देखते ही देखते खूनी संघर्ष में बदल गया। आरोप है कि छोटे भाई ने अपने बड़े भाई और भाभी पर बांस की लाठी से जानलेवा हमला कर दिया। सिर पर लाठी के कई वार से दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें बिलासपुर रेफर किया गया है।
विवाद बढ़ा तो लाठी लेकर टूट पड़ा आरोपी
पुलिस के अनुसार, 29 अगस्त की शाम ग्राम कोसला निवासी जनकराम साहू (50) का अपने बड़े भाई पुनीराम साहू से पुरानी रंजिश को लेकर विवाद हो गया। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि जनकराम ने बांस की लाठी उठाकर पुनीराम के सिर पर कई वार कर दिए।
पति पर हमला होते देख उसकी पत्नी बीच-बचाव करने पहुंची, लेकिन आरोपी ने उस पर भी लाठी से हमला कर दिया। हमले में दोनों के सिर में गंभीर चोटें आईं और वे मौके पर ही घायल होकर गिर पड़े।
ग्रामीणों ने पहुंचाया अस्पताल, गंभीर हालत में बिलासपुर रेफर
घटना के बाद मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। ग्रामीणों ने तत्काल दोनों घायलों को एंबुलेंस की मदद से शासकीय अस्पताल पामगढ़ पहुंचाया। चिकित्सकों ने दोनों की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर उपचार के लिए बिलासपुर रेफर कर दिया।
मामला दर्ज होते ही पुलिस ने शुरू की कार्रवाई
घटना की सूचना और प्रार्थी की रिपोर्ट के आधार पर थाना पामगढ़ में अपराध क्रमांक 360/2026 दर्ज किया गया। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 109(1) एवं 103(1) के तहत अपराध कायम कर मामले की विवेचना शुरू की।
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी जनकराम साहू को ग्राम कोसला से गिरफ्तार कर लिया। हिरासत में लेकर पूछताछ किए जाने पर आरोपी द्वारा अपराध स्वीकार किए जाने की बात पुलिस ने बताई। इसके बाद उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
पुलिस टीम की रही अहम भूमिका
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक सावन सारथी, सउनि प्रमोद महार, मप्रआर मंजू सिंह, श्याम ओग्रे, बेदराम पटेल, शिवप्रसाद बघेल, वीरेंद्र सूर्यवंशी, ओमप्रकाश कुर्रे, हरप्रसाद सिन्हा, मआर जयंती लहरे एवं सैनिक अनिल दिनकर का सराहनीय योगदान रहा।










