
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने केंद्रीय वस्त्र मंत्री गिरिराज सिंह से की मुलाकात, निवेश और रोजगार बढ़ाने पर हुई अहम चर्चा
Kpn24.com नई दिल्ली 4 सितंबर 2026
छत्तीसगढ़ को टेक्सटाइल और परिधान उद्योग का बड़ा केंद्र बनाने की दिशा में राज्य सरकार ने कदम तेज कर दिए हैं। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने नई दिल्ली में केंद्रीय वस्त्र मंत्री गिरिराज सिंह से मुलाकात कर प्रदेश में टेक्सटाइल उद्योग के विस्तार, निवेश और रोजगार की संभावनाओं पर चर्चा की।
मुख्यमंत्री ने बताया कि औद्योगिक विकास नीति 2024-30 में टेक्सटाइल क्षेत्र को थ्रस्ट सेक्टर का दर्जा दिया गया है। निवेशकों के लिए आकर्षक प्रोत्साहन और अनुदान के साथ एक हजार से अधिक लोगों को रोजगार देने वाली इकाइयों के लिए विशेष प्रोत्साहन का प्रावधान किया गया है।
नवा रायपुर में बनेगा टेक्सटाइल का नया केंद्र
नवा रायपुर अटल नगर में टेक्सटाइल इकाइयों की स्थापना को गति दी जा रही है। सरकार की योजना उत्पादन के साथ डिजाइन, कौशल विकास, आधुनिक तकनीक और बाजार को जोड़कर समग्र टेक्सटाइल तंत्र विकसित करने की है।
चांपा के कोसा को मिलेगा नया बाजार
मुख्यमंत्री ने छत्तीसगढ़ की समृद्ध वस्त्र परंपरा, विशेषकर चांपा के कोसा रेशम, को आधुनिक तकनीक, डिजाइन और ब्रांडिंग से जोड़ने पर जोर दिया। निफ्ट के माध्यम से युवाओं को आधुनिक फैशन और टेक्सटाइल तकनीक का प्रशिक्षण मिलने की उम्मीद है।
केंद्रीय वस्त्र मंत्री गिरिराज सिंह ने छत्तीसगढ़ में टेक्सटाइल उद्योग के विस्तार के लिए हरसंभव सहयोग का भरोसा दिया। उन्होंने कहा कि राज्य में रोजगार और निवेश की बड़ी संभावनाएं हैं तथा छत्तीसगढ़ भविष्य में मध्य भारत के प्रमुख टेक्सटाइल हब के रूप में उभर सकता है।
निवेश, रोजगार और पारंपरिक कौशल के संगम से छत्तीसगढ़ के टेक्सटाइल उद्योग को नई पहचान मिलने की उम्मीद है।










